फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Monthly Horoscope October: अक्तूबर में कन्या और धनु राशि वालों के बदलेंगे दिन, यहां पढ़ें पूरा मासिक राशिफल

Tue, 30 Sep 2025 01:38 PM IST
ज्योति मेहरा ज्योतिष डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

October Masik Rashifal: अक्तूबर माह में  ग्रहों की चाल के अनुसार कुछ राशियों को करियर में नई ऊंचाइयाँ छूने का मौका मिलेगा, तो कुछ को स्वास्थ्य और संबंधों में विशेष सावधानी बरतनी होगी। यह महीना जहां एक ओर नई संभावनाओं के द्वार खोल सकता है, वहीं कुछ पुरानी अधूरी बातों को भी सामने ला सकता है।
विज्ञापन
1 of 13
 अक्तूबर मासिक राशिफल - फोटो : Amar Ujala
October Lucky Zodiac Signs: अक्तूबर का महीना खगोलीय दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है, क्योंकि इस दौरान ग्रहों के राजा सूर्य के साथ-साथ बुध, शुक्र और मंगल जैसे प्रभावशाली ग्रह भी अपनी-अपनी राशियाँ बदलने जा रहे हैं। ग्रहों की यह हलचल न केवल व्यक्तिगत जीवन को प्रभावित करेगी, बल्कि इसका असर करियर, स्वास्थ्य, प्रेम संबंधों और आर्थिक स्थिति पर भी गहराई से महसूस किया जाएगा। जब इतने बड़े ग्रह एक साथ अपनी चाल बदलते हैं, तो स्वाभाविक है कि इसका प्रभाव हर राशि पर अलग-अलग तरीके से दिखाई देगा। कुछ जातकों के लिए यह समय उन्नति और सफलता लेकर आएगा, तो कुछ को सतर्क रहने की आवश्यकता होगी।
October Horoscope 2025: हंस और रूचक राजयोग बनने से अक्टूबर माह में इन राशि वालों को होगा सबसे ज्यादा लाभ
October Grah Gochar 2025: अक्तूबर में होगी ग्रहों की उथल-पुथल, मंगल, बुध, गुरु, शुक्र और सूर्य सभी बदलेंगे चाल
अक्तूबर माह में  ग्रहों की चाल के अनुसार कुछ राशियों को करियर में नई ऊंचाइयाँ छूने का मौका मिलेगा, तो कुछ को स्वास्थ्य और संबंधों में विशेष सावधानी बरतनी होगी। यह महीना जहां एक ओर नई संभावनाओं के द्वार खोल सकता है, वहीं कुछ पुरानी अधूरी बातों को भी सामने ला सकता है। आइए जानते हैं कि अक्तूबर 2025 का महीना आपकी राशि के लिए क्या संदेश लेकर आया है। 
विज्ञापन

2 of 13
अक्तूबर मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
मेष
मेष राशि के जातकों के लिए अकतूबर का महीना मिश्रित फलदायी कहा जाएगा। इस माह आपको प्रत्येक कार्य बहुत सोच-समझकर करने की आवश्यकता रहेगी। माह की शुरुआत में कठिन परिश्रम के बाद कार्य मनचाहे तरीके से पूरे होंगे। निर्वाह योग्य धन की प्राप्ति के लिए भी आपको अधिक समय देते हुए कठिन मेहनत करनी होगी। माह के दूसरे सप्ताह की शुरुआत में आपको अचानक कहीं से धन लाभ हो सकता है लेकिन इस दौरान भी आपको पैसे का लेनदेन करते समय अधिक सावधानी रखनी होगी। इस दौरान अचानक से कुछ एक बड़े खर्च आ सकते हैं। माह के दूसरे सप्ताह में आपको अपने संबंध को बेहतर बनाए रखने के लिए विशेष प्रयास करने होंगे। विशेष रूप से वैवाहिक और प्रेम संबंध को लेकर विशेष सावधानी बरतनी होगी। इस दौरान क्रोध से बचें और भावनाओं में आकर कोई बड़ा फैसला न करें। हालांकि माह के मध्य में चीजें आपके अनुकूल होती हुई नजर आएंगी और लव पार्टनर के साथ गलतफहमियां कुछ हद तक दूर होंगी। माह के उत्तरार्ध में आपको करियर-कारोबार से जुड़ी कुछ एक दिक्कतें आ सकती हैं। इस दौरान आशा के अनुरूप कार्यों में सफलता न मिलने से मन खिन्न रहेगा। कामकाज में कुछ एक कठिनाई आ सकती है। आय के मुकाबले खर्च अधिक रहेगा। धन संचय करने में कठिनाई होगी। माहे अंत में आर्थिक स्थिति कुछ हद तक ठीक होगी लेकिन इस दौरान सेहत का विशेष ख्याल रखना होगा।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में बजरंग बाण का पाठ करें।
विज्ञापन

3 of 13
अक्तूबर मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
वृषभ
वृषभ राशि के जातकों के लिए अकतूबर महीने की शुरुआत बेहद शुभ रहने वाली है। इस दौरान आपके सोचे हुए काम समय पर तेजी से पूरे होते हुए नजर आएंगी। आप अपने बृद्धि और विवेक की मदद से कई अटके कामों को पूरा करने में कामयाब होंगे। कुछ एक बड़े कार्यों के पूरा होने पर आपके भीतर एक अलग ही उत्साह और आत्मविश्वास नजर आएगा। इस दौरान करीबी लोगों का पूरा सहयोग और समर्थन मिलेगा। माह के दूसरे सप्ताह में अचानक से लंबी दूरी की यात्रा संभव है इस दौरान वृषभ राशि को पास के फायदे में दूर का नुकसान करने से बचना चाहिए। व्यवसाय में परेशानी और जल्दबाजी से धन-हानि के योग हैं। ऐसे में धन का लेनदेन करते समय सावधानी बरतें और जोखिम भरी योजना में निवेश न करें। माह के मध्य में आपको लोगों के साथ तालमेल बिठाकर चलने की आवश्यकता रहेगी। कार्यक्षेत्र में लोगों की छोटी-मोटी बातों को तूल न दें। इस दौरान अचानक से बड़े खर्च आ जाने के कारण मन में तनाव बना रहेगा। कोई पारिवारिक समस्या भी आपकी चिंता का कारण बन सकती है। माह के तीसरे सप्ताह में आय के साधन थोड़े बढ़ेंगे लेकिन उसके साथ खर्च भी बढ़ेगा, परन्तु शुभ कार्य पर व्यय होगा। सुख-सुविधा के साधनों में वृद्धि होगी। माह के उत्तरार्ध में वृषभ राशि के जातकों को वाहन सावधानीपूर्वक चलाना उचित रहेगा। इस दौरान कार्य करते समय भी जल्दबाजी न करें। प्रेम संबंध की दृष्टि से माह के उत्तरार्ध में सावधानी अपेक्षित रहेगी।

उपाय: प्रतिदिन स्फटिक के शिवलिंग की पूजा एवं शिव महिम्न स्तोत्र का पाठ करें।

4 of 13
अक्तूबर मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
मिथुन
मिथुन राशि के जातकों के लिए माह की शुरुआत थोड़ी प्रतिकूल रह सकती है लेकिन उत्तरार्ध सुखद रहने वाला है। ऐसे में इस राशि के जातकों को माह के पूर्वार्द्ध में खूब सावधानी रखनी होगा। अकतूबर महीने के पहले सप्ताह में अचानक से कुछ एक बड़े खर्च आ जाने के कारण मानसिक तनाव बना रहेगा। इस दौरान अचानक लंबी या छोटी दूरी की यात्रा संभव है। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो कारोबार से जुड़ी कोई बड़ी डील करते समय जल्दबाजी में फैसला न लें अन्यथा धन-हानि की आशंका बनी रहेगी। माह के पूर्वार्द्ध में आपको सेहत और धन दोनों को लेकर सतर्क रहना होगा। माह का दूसरा सप्ताह निजी संबंधों की दृष्टि से थोड़ा प्रतिकूल रह सकता है। इस दौरान लव या लाइफ पार्टनर के साथ किसी बात को लेकर मनमुटाव होने की आशंका बनी रहेगी। व्यवसाय से जुड़े लोगों को मंदी का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान स्वजनों का सहयोग न मिलने के कारण मन खिन्न रहेगा। नौकरीपेशा लोगों को इस दौरान खूब सतर्क रहने की आवश्यकता रहेगी। विरोधी सक्रिय रहेंगे तो वहीं किसी से धोखा मिलने की आशंका रहेगी। माह के उत्तरार्ध में चीजें आपके अनुकूल होती नजर आएंगी। इस दौरान राजकीय कार्यों में सफलता मिलेगी। विशेष संपर्कों का लाभ यथाशीघ्र होगा। माह के आखिरी सप्ताह में किसी शुभ समाचार के मिलने योग हैं। अकस्मात यात्रा का योग बनेगा। यात्रा सुखद एवं लाभदायक साबित होगी। जीवनसाथी के साथ सुखद समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे।

उपाय: प्रतिदिन गणेश जी की दूर्वा चढ़ाकर चालीसा का पाठ करें।
विज्ञापन

5 of 13
अक्तूबर मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
कर्क
कर्क राशि के जातकों के लिए अकतूबर के उत्तरार्ध का कुछ समय छोड़ दें तो पूरा महीना शुभता और सौभाग्य लिए हुए है। माह की शुरुआत में करियर-कारोबार में अनुकूलता बनी रहेगी। इस दौरान आपको धन लाभ एवं उन्नति के पर्याप्त अवसर मिलेंगे। घर और बाहर दोनों जगह लोगों का भरपूर समर्थन और सहयोग मिलेगा। माह के पहले सप्ताह में लंबे समय से अटके कार्यों के पूरा होने पर मन को राहत मिलेगी। इस दौरान बिगड़े कार्यों में काफी हद तक सुधार होगा। माह के दूसरे सप्ताह में आपको परिश्रम का पूरा फल मिलेगा। कार्यक्षेत्र में अनुकूलता बनी रहेगी। समाज में मान-प्रतिष्ठा बढ़ेगी। पारिवारिक वातावरण कुछ बेहतर होगा।  मित्रों एवं संबंधियों से मेलजोल होगा। इस दौरान अचानक कहीं से धन लाभ होगा, परन्तु लेन-देन करते समय फिर भी सावधानी बरतें। माह के मध्य में खर्च बढ़-चढ़ कर होगा। इस दौरान आप सुख-सुविधा की चीजों पर खूब धन खर्च करेंगे। इस दौरान कारोबार में होने वाला अप्रत्याशित लाभ आपकी खुशियों को दोगुना करेगा। शुभता और सौभाग्य माह के तीसरे हफ्ते तक बना रहेगा। इस दौरान नए-नए मित्र बनेंगे। सत्ता सरकार के लोगों के साथ संपर्क स्थापित होंगे। माह का चौथा सप्ताह आपके लिए थोड़ा प्रतिकूल कहा जाएगा। इस दौरान आपको कामकाज संबंधी दिक्कतें आ सकती हैं। शरीर कष्ट और चोटादि का भय रहेगा। छात्रों को मनचाही सफलता के लिए कठिन परिश्रम करना होगा। महिलाओं को परिवार में सुख-शांति बनाए रखने के लिए कुछ एक चीजों से समझौता करना पड़ सकता है।

उपाय: प्रतिदिन देवी दुर्गा की पूजा में दुर्गा चालीसा का पाठ करें।
विज्ञापन

6 of 13
अक्तूबर मासिक राशिफल - फोटो : daily rashifal
सिंह
सिंह राशि के जातकों के लिए अकतूबर का महीना मिलाजुला रहने वाला है। माह की शुरुआत में आपको अपने कामकाज को बेहद सावधानी के साथ करने की आवश्यकता रहेगी। इस दौरान जल्दबाजी में काम के बिगड़ने की आशंका रहेगी। इस दौरान छात्र वर्ग को अपनी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देना होगा। विद्यार्थियों को संयम पूर्वक व्यवहार करना लाभकारी होगा। माह के दूसरे सप्ताह में कठिनाइयों के बावजूद गुजारे लायक धन की व्यवस्था हो जाएगी। हालांकि इस दौरान आपका मन व्यर्थ की परेशानियों को लेकर परेशान रहेगा। यदि आप पार्टनरशिप में कारोबार करते हैं तो आपको धन के लेनदेन में सावधानी रखनी होगी। साथ ही साथ कागजी काम समय पर निपटाने होंगे। इस दौरान किसी पर भी अधिक भरोसा न करें अन्यथा हानि होगी। माह के मध्य में आपको अपनी सेहत का विशेष ख्याल रखना होगा। कोई पुराना रोग दोबारा से उभरने की आशंका बनी रहेगी। वाहनादि चलाते समय विशेष सावधानी बरतें। गुप्त शत्रुओं से भी सावधान रहें। माह के तीसरे सप्ताह में आय के साधन बनेंगे, परन्तु खर्च भी अधिक रहेगा। हालांकि भाई-बंधुओं के सहयोग से कुछ बिगड़े काम बनेंगे। इस दौरान नए पुरानों मित्रों से मेलजोल होगा। माह के अंतिम सप्ताह में आपको एक बार फिर कामकाज से जुड़ी दिक्कतें आ सकती हैं। इस दौरान सीनियर से किसी बात को लेकर तनाव हो सकता है। सेहत और शत्रु को लेकर सतर्क रहना होगा।

उपाय: प्रतिदिन सूर्य देवता को जल देकर आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें।
विज्ञापन

7 of 13
अक्तूबर मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
कन्या
कन्या राशि के जातकों के लिए अकतूबर का महीना मनचाहे परिणाम देने वाला साबित होने जा रहा है। माह की शुरुआत आपके लिए बेहद शुीा रहने वाली है। इस दौरान आपको भूमि-भवन, वाहन आदि का सुख प्राप्त होगा। पैतृक संपत्ति से जुड़े विवाद बातचीत के जरिए सुलझा सकते हैं। इस दौरान आपका प्रभावी लोगों के साथ मेलजोल बढ़ेगा। यदि आप लंबे समय से विदेश में अपने करियर या कारोबार को लेकर प्रयासरत थे तो आपको इस माह के मध्य तक इस संबंध में सुखद समाचार मिल सकता है। अकतूबर महीने के दूसरे सप्ताह में विदेश यात्रा या लंबी दूरी की यात्रा के योग बनेंगे। माह के मध्य में धन लाभ व बिगड़े कार्यों में सुधार के योग हैं। इस दौरान संतान से जुड़ी किसी समस्या का हल निकल आने पर आप राहत की सांस लेंगे। प्रेम संबंध में अनुकूलता बनी रहेगी। लव पार्टनर और लाइफ पार्टनर के साथ इस दौरान सुखद समय व्यतीत करेंगे। विशेष अवसरों और उत्सवों पर आना-जाना रहेगा। मान-सम्मान में वृद्धि होगी। माह के तीसरे सप्ताह में किसी व्यक्ति विशेष के कारण मानसिक तनाव होने की आशंका बनी रहेगी। इस दौरान घरेलू महिलाओं का मन पूजा-पाठ में रमेगा। माह के चौथे सप्ताह में व्यवसाय से जुड़े लोगों को धन के लेन-देन में सावधानी रखने की आवश्यकता रहेगी। इस दौरान आपको लोगों के साथ विनम्रता से पेश आना होगा अन्यथा क्रोध से बनते काम भी बिगड़ सकते हैं।

उपाय: प्रतिदिन मां गायत्री की पूजा करें तथा एक माला गायत्री मंत्र अवश्य जपें।

8 of 13
अक्तूबर मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
तुला
तुला राशि के जातकों के लिए अक्तूबर का महीना काफी उतार-चढ़ाव लिए रहने वाला है। इस माह कभी चीजें मन मुताबिक बनती हुई तो कभी बिगड़ती नजर आएंगी। महीने की शुरुआत में आपको लोगों की बातों को नजरअंदाज करके अपने काम पर फोकस करने की आवश्यकता रहेगी इस दौरान कार्यक्षेत्र में आपके विरोधी सक्रिय रहेंगे। अचानक से कुछ एक बड़े खर्च आ जाने के कारण आपका बजट बिगड़ सकता है। आय के मुकाबले खर्च की अधिकता के चलते आपका मन परेशान और अशांत रहेगा। माह के दूसरे सप्ताह में किसी करीबी व्यक्ति द्वारा समय पर मदद न देने के कारण आपका मन खिन्न रह सकता है। ऐसे में इस दौरान आपको किसी दूसरे के भरोसे रहने से बचना होगा। माह के मध्य में कठिन परिश्रम के बाद ही निर्वाह योग्य धन की प्राप्ति होगी। इस दौरान अचानक कहीं से धन लाभ तो होगा लेकिन वह भी किसी बड़े कार्य में खर्च हो सकता है। तुला राशि के जातकों को इस दौरान धन का लेन-देन करते समय सावधानी रखनी होगी। माह के तीसरे सप्ताह में एक बार स्थिति आपके अनुकूल होती नजर आएगी। इस दौरान व्यवसाय में आपको अप्रत्याशित लाभ हो सकता है। आशाओं के अनुरूप सफलता मिलने से मन प्रसन्न रहेगा। आय के नये स्रोत बनेंगे। हालांकि माह के अंत तक एक बार फिर कामकाज संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान रिश्ते-नाते को बेहतर बनाए रखने के लिए आपको बहुत सी चीजों को लेकर मौन साध लेना बेहतर रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन श्रीयंत्र की पूजा एवं श्रीसूक्त का पाठ करें।

9 of 13
daily rashifal - फोटो : अमर उजाला
वृश्चिक
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए अक्तूबर का महीना काफी उतार-चढ़ाव लिए रहने वाला है। इस माह आपको प्रत्येक कार्य को बेहद सावधानी और सोच-समझ कर करने की आवश्यकता रहेगी। माह की शुरुआत में आपको जोखिम भरी योजना में निवेश करने से बचना होगा। इस दौरान यदि आप दूसरों पर विश्वास करके चलेंगे तो काम बिगड़ सकते हैं। वृश्चिक राशि के जातक माह के पूर्वार्द्ध में अपने कामकाज को लेकर थोड़ा असमंजस की स्थिति में रहेंगे। इस दौरान उन्हें निर्णय लेने में दिक्कतें आएंगी। मन में भ्रामक धारणाएं उत्पन्न होंगी। मानसिक तनाव व बेचैनी रहेगी। विद्यार्थी वर्ग का मन पढ़ाई से उचट सकता है। यदि आप उच्च शिक्षा के लिए प्रयासरत हैं तो उसमें बाधाओं का सामना करना पड़ सकता है। कठिन परिश्रम और प्रयास के बाद ही आपके सोचे हुए कार्य पूरे होते हुए नजर आएंगे। माह के मध्य में स्थितियां कुछ अनुकूल होती नजर आएंगी और इस दौरान आपको अचानक कहीं से धन लाभ भी होगा लेकिन तीसरे हफ्ते से एक बार फिर धन संचय करने में कठिनाई का अनुभव महसूस करेंगे। इस दौरान आय तो होगी लेकिन उसके मुकाबले खर्च की अधिकता रहेगी। रिश्ते-नाते की दृष्टि से माह के उत्तरार्ध का समय आपके लिए राहत भरा रह सकता है। इस दौरान इष्ट मित्रों एवं परिजन आपका मनोबल बढ़ाते हुए आपकी हर संभव मदद करेंगे। प्रेम प्रसंग में अनुकूलता बनी रहेगी।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में श्री सुंदरकांड का पाठ करें।

10 of 13
daily rashifal - फोटो : अमर उजाला
धनु
धनु राशि के जातकों के लिए अक्तूबर का महीना औसत फलदायी रहने वाला है। इस माह यदि आप अपने कार्य को सूझबूझ के साथ समय पर करने का प्रयास करते हैं तो आपके लिए चीजें अनुकूल रहेंगी वरना लापरवाही करने पर आपके बनते काम भी बिगड़ सकते हैं। माह की शुरुआत आपके लिए शुभता लिए हुए है। इस दौरान आपको कार्यक्षेत्र में अनुकूलता बनी रहेगी। इस दौरान राजकीय कार्यों में सफलता मिलेगी। विशेष संपर्कों का लाभ उठाने में आप कामयाब होंगे। माह के दूसरे सप्ताह में आपको बहुप्रतीक्षित शुभ समाचार मिल सकता है। इस दौरान आपको अपने परिवार के साथ सुखद समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। करियर-कारोबार के सिलसिले में की गई यात्राएं सुखद एवं लाभप्रद साबित होंगी। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो आपको इस दौरान अपने कारोबार में किसी तरह का नया प्रयोग करने से बचना चाहिए। इसी प्रकार जोखिम भरे निवेश से बचें और लाभ प्राप्ति के लिए शॉर्टकट न अपनाएं। माह के मध्य में परिवार के किसी सदस्य के साथ वैचारिक मतभेद पैदा हो सकता है। इस दौरान नौकरी में परिवर्तन व स्थान परिवर्तन भी हो सकता है। विद्यार्थी वर्ग का मन पढ़ाई से उचट सकता है। उनके भीतर आलस्य की अधिकता रहेगी। माह के उत्तरार्ध में करियर-कारोबार में थोड़ा सुधार होता नजर आएगा। इस दौरान धन लाभ के मार्ग प्रशस्त होंगे। परिवार में शुभचिन्तकों के व्यवहार व विचारों से माहौल में परिवर्तन होगा।

उपाय: प्रतिदिन भगवान श्री विष्णु की पूजा में नारायण कवच का पाठ करें।

11 of 13
daily rashifal - फोटो : अमर उजाला
मकर
मकर राशि के जातकों के लिए अक्तूबर का महीना शुभता और सौभाग्य लिए हुए है। इस माह आपको करियर-कारोबार में अनुकूलता बनी रहेगी और सोचे हुए कार्य समय पर मनचाहे तरीके से पूरे होंगे। महीने की शुरुआत नौकरीपेशा लोगों के लिए बेहद शुभ रहने वाली है। इस दौरान पदोन्नति या फिर मनचाहे स्थान पर तबादले की कामना पूरी हो सकती है। इस माह आपके स्वजनों के साथ संबंध मधुर बने रहेंगे। घर और बाहर दोनों जगह लोगों का भरपूर सहयोग और समर्थन मिलेगा। दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी। संतान की तरक्की से मन प्रसन्न रहेगा। माह के दूसरे सप्ताह में करियर-कारोबार से जुड़ी यात्रा सुखद एवं नये संबंधों का विस्तार करने वाली साबित होगी। इस दौरान आपके नये मित्र बनेंगे जो आपकी ताकत को और भी ज्यादा बढ़ाने का काम करेंगे। माह के मध्य का समय व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए बेहद शुभ रहने वाला है। इस दौरान आप कोई बहुप्रतीक्षित कारोबारी डील कर सकते हैं। व्यवसाय को आगे बढ़ाने की योजना सफल होगी। यह समय परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे छात्रों के लिए भी बेहद शुभ रहने वाला है। माह के उत्तरार्ध में स्वजनों या फिर मित्रों के साथ पिकनिक-पर्यटन का अचानक से प्रोग्राम बन सकता है। इस दौरान लव पार्टनर के साथ के साथ सुखद समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। प्रेम संबंध को विवाह में बदलने के प्रयास सफल होंगे। माह के उत्तरार्ध में आपका मन धर्म-अध्यात्म में रमेगा।

उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव की उपासना करें तथा पूजा में रुद्राष्टकं का पाठ करें।

12 of 13
daily rashifal - फोटो : अमर उजाला
कुंभ
कुंभ राशि के जातकों के लिए अक्तूबर माह की शुरुआत में अचानक कहीं से अटका हुआ धन निकल आने पर मन खुश रहेगा। इस दौरान भूमि-भवन आदि का सुख भी प्राप्त हो सकता है। अक्तूबर माह का पूर्वार्ध करियर-कारोबार की दृष्टि से शुभ कहा जाएगा। इस दौरान आपको व्यवसाय में आपको अप्रत्याशित लाभ होगा। बाजार में आई तेजी का आप पूरी तरह से फायदा उठाएंगे। कुल मिलाकर आय अच्छी रहेगी और संचित धन में वृद्धि होगी। संतानपक्ष से इस दौरान कोई बड़ा और सुखद समाचार मिल सकता है। जिससे आपका समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। यदि आप सिंगल हैं तो आपके जीवन में किसी मनचाहे व्यक्ति की एंट्री हो सकती है। वही पहले से चले आ रहे प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। पारिवारिक जीवन की दृष्टि से माह के उत्तरार्ध का समय आपके लिए ज्यादा अनुकूल कहा जाएगा। इस दौरान घर में शुभ कार्य संपन्न हो सकते हैं। आपके कार्यों में गति आएगी। आय में बढ़ोत्तरी होगी। इस दौरान कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों में फैसला आपके पक्ष में आ सकता है। कुंभ राशि के जातकों को इस दौरान पिता की तरफ से विशेष सहयोग और समर्थन मिलेगा। वैवाहिक जीवन में आपसी सामंजस्य बना रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा में श्री सुंदरकांड का पाठ करें।
विज्ञापन

13 of 13
daily rashifal - फोटो : अमर उजाला
मीन
मीन राशि के जातकों के लिए अक्तूबर के उत्तरार्ध का थोड़ा समय यदि छोड़ दें तो पूरा महीना सुख-सौभाग्य लिए रहने वाला है। इस माह आपको करियर-कारोबार से लेकर घर-परिवार तक में अनुकूलता बनी रहेगी। माह की शुरुआत में रोजी-रोजगार की दिशा में किये गये प्रयास सफल होंगे। इस दौरान कार्यक्षेत्र में आपके कामकाज की सराहना होगी। पदोन्नति  या फिर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के योग बनेंगे। इस माह आपके स्वजनों के साथ संबंध मधुर बने रहेंगे
और आपको भाई-बहन, इष्ट-मित्र आदि का पूरा सहयोग और समर्थन मिलेगा। माह के दूसरे सप्ताह में आपके प्रयास रंग लाएंगे और लंबे समय से अटके कार्यों में गति आएगी। बिगड़े कामों में सुधार होगा। धन लाभ व प्रगति के मार्ग प्रशस्त होंगे। इस दौरान किसी प्रभावी व्यक्ति के साथ संपर्क स्थापित होगा। माह के मध्य में किसी मांगलिक कार्य या उत्सव में शामिल होने का अवसर प्राप्त होगा। इस दौरान आपकी रुचि धार्मिक-सामाजिक कार्यों में बढ़ेगी। माह के तीसरे सप्ताह में अचानक से लंबी या छोटी दूरी की यात्रा पर निकलना पड़ सकता है। इस दौरान यदि आप अपने काम को पूरे मनोयोग से करते हैं तो आपको उम्मीद से कहीं ज्यादा सफलता और लाभ मिल सकता है। आपके प्रयास रंग लाएंगे और आपको समाज, परिवार, कारोबार आदि में अच्छे बदलाव देखने को मिल सकते हैं। हालांकि माह के आखिरी हफ्ते में आपको सावधानी के साथ काम करने की आवश्यकता रहेगी। इस दौरान सेहत और संबंध दोनों का विशेष ख्याल रखना होगा।

उपाय: प्रतिदिन तुलसी जी की सेवा और पूजा में श्री विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।


 
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग, धार्मिक ग्रंथों आदि पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें