पडरौना। लखनऊ और कानपुर की यात्रा करने वालों के लिए अच्छी खबर है। पडरौना से लखनऊ होते हुए कानपुर तक के लिए एसी बस सेवा शुरू हो गई है। मंगलवार को रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने पहली बस रवाना कर इस सेवा की शुरुआत की।
पडरौना से हर दिन लोग लखनऊ और कानपुर की यात्रा करते हैं। परंतु यहां से बस और ट्रेन की बेहतर सुविधा नहीं थी। लोगों को इसके लिए गोरखपुर जाना पड़ता है। मंगलवार से रोडवेज ने पडरौना से लखनऊ वाया कानपुर एसी बस की शुरुआत की। बस स्टेशन परिसर में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सुहेल अहमद ने फीता काटकर इस सेवा की शुरुआत की। इस अवसर पर बताया गया कि 42 सीट वाली इस बस में प्रत्येक सीट के बगल में मोबाइल चार्जर लगाया गया है। यात्रियों के मनोरंजन के लिए बड़े स्क्रीन की टीवी लगी है। यह बस पडरौना से सुबह साढ़े आठ बजे से निकलेगी। बस कसया से गोरखपुर और लखनऊ होते हुए कानपुर पहुंचेगी। रात साढ़े आठ बजे यह बस कानपुर से वापस लखनऊ होते हुए पडरौना आएगी। इस मौके पर ललिता भट्ट, देवदत्त भट्ट, विजय भट्ट, दिनेश शुक्ला, अजय शुक्ला, अमित कुमार, डब्लू मिश्रा, बबलू शर्मा, अंकित कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।