फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फिर भी IPL में कमाल कर गए युवराज सिंह

Tue, 03 Jun 2014 02:19 PM IST
अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
आईपीएल के इतिहास में पहली बार दो देशों में टूर्नामेंट खेला गया था। पहला चरण यूएई के तीन शहरों में खेले जाने के बाद शेष मैच भारत में कराए गए।
विज्ञापन


टूर्नामेंट में हर बार की तरह इस बार भी कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। राजस्थान रॉयल्स के 42 वर्षीय फिरकी गेंदबाज प्रवीण तांबे इस सत्र में हैट्रिक बनाने वाले एकमात्र गेंदबाज रहे। उन्होंने कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ हैट्रिक लेने का कारनामा किया तो 3 बल्लेबाजों ने शतक लगाए। दो शतक तो किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से लगे और वह भी टूर्नामेंट के अंतिम दो मैचों में।

अब शानदार मुकाबले के साथ आईपीएल 7 खत्म हो चुका है, लेकिन इस टूर्नामेंट में कई बड़े रोचक रिकॉर्ड भी सामने आए।

IPL में सबसे कम रन बनाने का रिकॉर्ड!

अब तक आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने और सबसे ज्यादा विकेट झटकने वाले गेंदबाजों की चर्चा होती है। लेकिन कभी इस बात पर विचार नहीं गया कि किस बल्‍लेबाज ने टूर्नामेंट में सबसे कम रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया है।

सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्‍लेबाज को ऑरेंज कैप तो सबसे ज्यादा विकेट झटकने वाले गेंदबाज को पर्पल कैप दिया जाता है। लेकिन सबसे कम रन बनाने वाले बल्‍लेबाज को क्या दिया जाएगा।

आप जानते हैं कि यह रिकॉर्ड किस बल्‍लेबाज के नाम दर्ज है। ये हैं मोहित शर्मा जो चेन्‍नई सुपर किंग्स की ओर से 11वें नंबर पर बल्‍लेबाजी करने आते हैं। उन्होंने इस टूर्नामेंट में महज एक रन बनाया और वह भी दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में पंजाब के खिलाफ। उन्होंने अब तक 38 टी-20 मैच खेले हैं। इस मैच से पहले उन्हें 3 बार ही बल्‍लेबाजी का मौका मिला और खाता नहीं खोल पाए थे।

जानिए, IPL के सबसे सफलतम क्रिकेटर को

अपनी आतिशी बल्‍लेबाजी के लिए मशहूर यूसुफ पठान इस बार भी आईपीएल में कुछ खास नहीं कर सके थे। टूर्नामेंट में टीम के अंतिम लीग मैच में उनकी आतिशी पारी को छोड़ दिया जाए तो वह पूरे टूर्नामेंट में बल्‍ले से संघर्ष करते नजर आए।

लेकिन एक दूसरे पहलू से नजर डाली जाए तो उन्हें आईपीएल का सबसे सफलतम क्रिकेटर भी माना जाएगा। वह एकमात्र ऐसे क्रिकेटर हैं जो तीन मौकों पर टूर्नामेंट जीतने वाली टीम के साथ रहे। 2008 में वह राजस्‍थान रॉयल्स की टीम से जुड़े थे और तब यही टीम चैंपियन बनी थी।

इसके बाद वह कोलकाता नाइराइडर्स से जुड़े जिसने 2012 और 2014 में आईपीएल खिताब पर कब्जा जमाया। इनके अलावा सिर्फ 6 क्रिकेटर ऐसे हैं जो कम से कम दो बार टूर्नामेंट जीतने वाली टीम के साथ रहे।

इसी बार बना रिकॉर्ड और इसी सत्र में टूट गया

आईपीएल 7 का सत्र जब शुरू हुआ तो किंग्स इलेवन पंजाब ने जिस अंदाज में शुरुआत की उसने सभी क्रिकेट प्रशंसकों को चौंका कर रख दिया। पिछले सत्र में महज 3 मैच जीतने वाली पंजाब की टीम ने इस बार टूर्नामेंट में लगातार 5 मैच जीतकर अपने अभियान की शुरुआत की।

इसके बाद प्रीति जिंटा की टीम ने लगातार आठ मैच जीतकर आईपीएल में जीत का नया रिकॉर्ड बनाया। हालांकि उनका यह रिकॉर्ड लंबे समय तक नहीं खींचा और इसी टूर्नामेंट में यह टूट गया।

गौतम गंभीर की अगुवाई वाली कोलकाता नाइटराइडर्स टीम ने हार से शुरुआत करते हुए जबर्दस्त वापसी की और लगातार 9 मैच में जीत हासिल करते हुए न सिर्फ दूसरी बार खिताब पर कब्जा जमाया बल्कि एक साथ सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड भी बना लिया।

आउट ऑफ फॉर्म गेल भी बना गए रिकॉर्ड

क्रिस गेल को टी-20 प्रारूप के सबसे निर्दयी बल्‍लेबाजों में गिना जाता है। लेकिन उनका जलवा इस बार नहीं दिखा। हालत यह हो गई कि उन्हें बाद के मैचों से बाहर भी कर दिया गया।

लेकिन इस टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले ही उनके पास एक अनोखा रिकॉर्ड रचने का मौका था जिसे उन्होंने अपने पहले ही मैच में पूरा कर लिया।

आईपीएल 7 के शुरू होने से पूर्व टी-20 प्रारूप में सबसे पहले 6 हजार रन पूरा करने के लिए महज 8 रन की दरकार थी और उन्होंने पहली ही मैच में 20 रन बनाकर इस आंकड़े को छू लिया। गेल के बाद राजस्‍थान रॉयल्स के ब्रॉड हॉज ने भी टी-20 में 6 हजार रन पूरे कर लिए।

युवराज सिंह की एक पारी कमाल कर गई

आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी बनकर उभरने वाले युवराज सिंह‌ से उनकी नई टीम (रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर) को काफी उम्मीदें थीं। पहले मैच में अर्धशतक लगाकर उन्होंने इसे सही साबित भी किया लेकिन बाद में वह अपनी पारी कायम नहीं रख सके।

कुछ मैचों को छोड़ दिया जाए तो वह पूरे टूर्नामेंट में कमाल नहीं दिखा सके। लेकिन बंगलुरू में दिल्‍ली डेयरडेविल्स के‌ खिलाफ खेले गए एक मैच में धुंआधार पारी खेलकर एक रिकॉर्ड अपने नाम कर ही लिया। युवराज ने आईपीएल की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के जमाने का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने दिल्‍ली के खिलाफ 68 रनों की पारी में एक चौके के अलावा 9 छक्के जमाए। यह आईपीएल में किसी बल्‍लेबाज द्वारा एक पारी में सबसे कम गेंदों में सबसे ज्यादा छक्का जड़ने का रिकॉर्ड भी है।

यूं तो क्रिस गेल ने एक पारी में 17 छक्के लगाए थे लेकिन उस दौरान उन्होंने 66 गेंदें खेली थी। जबकि युवराज ने महज 29 गेंदों में 9 छक्के लगाए। लीग में अब 13 बल्‍लेबाजों ने 9 या 9 से ज्यादा छक्‍के लगाए जिसमें युवी ने सबसे कम गेंदों में 9 छक्के लगाए हैं।
विज्ञापन

रिकॉर्ड 6 गेंदबाजों ने लुटाए 21 छक्के

आईपीएल को छक्कों के लिए जाना जाता है। क्रीज पर आने वाला हर बल्‍लेबाज ताबड़तोड़ छक्का लगाने के मकसद से बल्‍लेबाजी करने आता है। कई तो इसमें सफल होते हैं तो कई बार बल्‍लेबाजों को नाकामी हाथ लगती है।

आप जानते हैं कि इस बार आईपीएल में कितने छक्के लगे। हम आप को बताते हैं, इस बार कुल 714 छक्के लगे और वह भी महज 60 मैचों में। जबकि इससे पहले 2012 में 700 से ज्यादा छक्के लगे थे लेकिन उस समय 75 मैच खेले गए थे। आईपीएल के इतिहास में महज दो बार (2012 और 2014) 700 से ज्यादा छक्के लगाए गए हैं।

इस बार गेंदबाजों की हालत किस कदर खराब रही है उसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 6 गेंदबाजों पर टूर्नामेंट में 21 या इससे ज्यादा छक्के लगे। जबकि पिछले 6 सत्रों में सिर्फ एक बार पीयूष चावला ने 2008 में 21 छक्के दिए थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें