तमाम उतार-चढ़ाव के बाद आखिरकार यह तय हो गया कि एशियाई बादशाहत की जंग पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच ही होगी।
मेजबान बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच मंगलवार को हुए इस अहम मुकाबले में वह सबकुछ था, जिसकी कोई क्रिकेटप्रेमी उम्मीद ही कर सकता है। बनते-टूटते रिकॉर्ड, छक्कों की बरसात, हाथ से फिसलते सुनहरे मौके... और इन सभी के बीच खचाखच भरे स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का उन्माद और आंसू।
बांग्लादेश ने इस मुकाबले में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का ऐसा नजारा पेश किया कि उसके बनाए 326 रन वनडे इतिहास के उसके सर्वाधिक स्कोर के रूप में दर्ज हो गए। मगर बावजूद इसके वह पाकिस्तान को आखिरी ओवर में 3 विकेट की रोमांचक जीत दर्ज करने से नहीं रोक सका।
अफरीदी की पारी ने अब बांग्ला टीम ने बिगाड़ा काम
बांग्लादेश से मिले विशाल लक्ष्य और टीम इंडिया की फाइनल की उम्मीदों के बीच एक बार फिर बूम-बूम शाहिद आफरीदी खड़े हो गए। वह आफरीदी ही थे, जिन्होंने टीम इंडिया की फाइनल में जगह बनाने की आखिरी उम्मीद भी तोड़ दी।
पिछले मैच में भारत के जबड़े से मैच छीनने वाले इस विस्फोटक बल्लेबाज ने 25 गेंदों पर 59 रन की धुआंधार बल्लेबाजी कर बांग्लादेश की लगभग निश्चित लग रही जीत को हार में तब्दील कर दिया।
इस आतिशी पारी में उन्होंने 7 छक्के और 2 चौके लगाए। इस दौरान उन्होंने महज 18 गेंद पर अपना अर्द्धशतक पूरा किया। उनके अलावा पाकिस्तान ने सलामी बल्लेबाज अहमद शहजाद के 103, फवाद आलम के 74 और मोहम्मद हफीज के 52 रन बदौलत 49.5 ओवर में 7 विकेट खोकर हासिल कर लिया। यह वनडे इतिहास में पाक द्वारा हासिल किया गया सबसे बड़ा लक्ष्य है।
वनडे में बांग्ला टीम की सर्वश्रेष्ठ पारी
इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ मिली शर्मनाक हार के बाद जब मेजबान टीम बांग्लादेश एशिया कप के अपने आखिरी लीग मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ बिल्कुल नए अंदाज में मैदान में उतरी।
टूर्नामेंट में खेले गए अपने तीनों मैच हारने वाली बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 326 रन का विशाल स्कोर बनाया। बांग्लादेश का वनडे में यह अभी तक का सर्वाधिक स्कोर है।
ओपनर अनामुल हक ने 132 गेंदों में 100 रन बनाए। जबकि तीन अन्य बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाया। क्रीज पर उतरे पांच बल्लेबाजों में से सिर्फ शकीब अल हसन ही अर्धशतक नहीं लगा पाए। वह महज 16 गेंदों में 44 रन (6 चौका और 2 छक्का) बनाकर नाबाद लौटे।
पाक गेंदबाज ने अपनी टीम को किया शर्मसार
पाकिस्तान के लेफ्ट आर्म स्पिनर अब्दुल रहमान ने बांग्लादेश के खिलाफ मंगलवार को खेले गए मुकाबले में अपनी टीम को उस समय शर्मसार कर दिया, जब उन्होंने बांग्ला टीम की पारी के 11वें ओवर में लगातार तीन बीमर बॉल (कमर से ऊंची फुलटॉस बॉल) फेंक दिया। उनकी खतरनाक गेंदबाजी को देखकर अंपायरों ने आगे मैच में गेंदबाजी करने से रोक दिया।
11वां ओवर फेंकने आए रहमान ने बांग्लादेशी बल्लेबाज इमरुल केयास को लगातार तीन बीमर फेंकी जिसके बाद मैदानी अंपायर जॉन क्लोएटे ने उन्हें पूरे मैच में गेंदबाजी करने से प्रतिबंधित कर दिया।
इन तीन गेंदों पर बांग्लादेश टीम ने आठ रन बटोरे और इस तरह रहमान का बॉलिंग कार्ड 0-0-8-0 रहा। इससे पहले भारतीय तेज गेंदबाज वरुण आरोन को बांग्लादेश के खिलाफ दो बीमर डालने के कारण अंपायरों ने आगे गेंदबाजी करने से रोक दिया था। इस तरह रहमान के नाम बिना कोई वैध गेंद फेंके सर्वाधिक रन लुटाने का रिकार्ड भी दर्ज हो गया। रहमान को हटाए जाने के बाद उनकी जगह स्पिनर फवाद आलम ने ओवर पूरा किया।