फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रक्षापंक्ति की ढील से बढ़त गंवा हारा भारत

Sun, 07 Dec 2014 11:07 PM IST
सत्येन्द्र पाल सिंह/अमर उजाला, भुवनेश्वर
विज्ञापन
विज्ञापन
चक दे इंडिया का जोश बढ़ाने वाला गीत। स्टेडियम में हौसला अफजाई के लिए हॉकी प्रेमी चारों ओर हाथ में तिरंगा लिए कलिंगा स्टेडियम में मौजूद। इस सबके बीच भारत ने 5-3-2 का परंपरागत एशियाई शैली में पांच फॉरवर्ड के साथ अर्जेंटीना के खिलाफ तेज आगाज किया। दो बार बढ़त भी बनाई लेकिन रक्षापंक्ति की ढील के कारण यह सब नाकाम हो गया। हकीकत यही कि भारत शुरू में आक्रामक हॉकी खेलने के फेर में अर्जेंटीना के जवाबी हमलों पर अपने किले की हिफाजत करना ही भूल गया।
विज्ञापन


अर्जेंटीना ने आखिरी क्वार्टर में जोरदार जवाबी हमलों की बानगी पेश कर भारत को चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी में पूल ‘बी’ के मैच में 4-2 से हरा कर पहली जीत दर्ज की। भारत की यह लगातार दूसरी हार है और अब वह अपना तीसरा और आखिरी पूल मैच अब तक अपने दोनों पूल जीत टॉप पर चल रही नीदरलैंड के खिलाफ खेलेगा।

गोल क्या अमान्य हुआ, भारत ने आस ही छोड़ दी

भारत के लिए अकेले आक्रामक लेट मिडफील्डर गुरजिंदर सिंह ने सूझबूझ वाला खेल दिखाकर उसे शुरू में दो बार बढ़त दिलाने में अहम रोल अदा किया। गुरजिंदर के स्लैप शॉट पर दूसरे क्वार्टर में आकाशदीप ने गोल कर भारत को बढ़त दिलाई और फिर पहले पेनल्टी कॉर्नर पर बढ़िया ड्रैग फ्लिक से खुद गोल कर भारत को दूसरी बार बढ़त दिलाई।

गुरजिंदर ने दूसरे पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर एक बार फिर भारत को बढ़त दिला ही दी थी लेकिन अर्जेंटीना द्वारा मांगे रेफरल को मान यह गोल अमान्य क्या हुआ भारत की टीम ने आस ही छोड़ दी। अर्जेंटीना के लुकास विला, जुआन लोपेज, ऑगस्टीन माजिली और जोकिम मेनिनी ने जोरदार जवाबी हमले से एक-एक मैदानी गोल कर भारत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

इंग्लैंड ने दर्ज की सबसे बड़ी जीत

इंग्लैंड ने पाकिस्तान पर 8-2 की धमाकेदार जीत के साथ दो मैचों से छह अंक लेकर पूल ‘ए’ में शीर्ष स्थान हासिल किया। इंग्लैंड की टूर्नामेंट में यह अब तक की सबसे बड़ी जीत है। इंग्लैड ने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया को शनिवार को 3-1 से हराया था।

विजेता इंग्लैंड के लिए मार्क ग्लीहॉर्न, निक कैटलिन, डेविड कॉनडॉन, कप्तान बैरी मिडलटन, एशले जाइल्स, सैमुअल वार्ड, एलिस्टर ब्रागडॉन, क्रिस ग्रिफिथ्स ने एक एक गोल किया। पाकिस्तान के लिए अर्सलान मुहमद कादिर और कप्तान मोहमद इरफान ने गोल किया।
विज्ञापन

आखिरी सेकंड में ऑस्ट्रेलिया-बेल्जियम मैच ड्रॉ

घड़ी की सुई दिखा रही थी कि खेल खत्म होने में महज एक सेकंड बाकी है। दुनिया की नंबर एक टीम ऑस्ट्रेलिया जीत का जश्न मनाने की तैयारी कर रही थी तभी रेफरल के बाद मिले पेनल्टी कॉर्नर को टॉम बून ने गोल में बदल कर बेल्जियम को हार के जबड़े से निकाल कर पूल ‘ए’ का मैच 4-4 गोल से ड्रॉ करा दिया। बेल्जियम ने पाकिस्तान को पहले मैच में 2-1 से हराया था।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें