चैंपियंस लीग ट्वंटी-20 टूर्नामेंट के छठे संस्करण के मैच देश के 4 शहरों में खेले जाएंगे। मोहाली, बंगलूरू, हैदराबाद और रायपुर ये 4 शहर हैं जहां 13 सितंबर से 4 अक्टूबर तक लीग के मुकाबले होंगे, जबकि बेंगलूरू फाइनल मैच की भी मेजबानी करेगा।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल-7) की विजेता कोलकाता नाइटराइडर्स 17 सितंबर को हैदराबाद में मुख्य ड्रॉ के शुरुआती मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से भिडे़गी। चेन्नई 2010 में चैंपियंस लीग टी-20 खिताब जीत चुकी है।
टूर्नामेंट के मुख्य मुकाबलों से पहले 13 से 16 सितंबर के बीच क्वालीफाइंग मुकाबले रायपुर में खेले जाएंगे।
12 टीमों के बीच होगी जंग
टूर्नामेंट की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार 60 लाख डॉलर की पुरस्कार राशि वाले टूर्नामेंट में इस बार भी पिछले वर्ष के प्रारूप की तरह 12 टीमें हिस्सा लेगी। कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) की विजेता वेस्टइंडीज की टीम को छोड़कर बाकी 11 टीमे तय हो चुकी है।
इस टूर्नामेंट में भारत की तरफ से 4 टीमें, जबकि ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका से दो-दो टीमें हिस्सा लेंगी। वहीं, पाकिस्तान, श्रीलंका, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड की तरफ से एक-एक टीमें लीग में हिस्सा लेने भारत आएंगी।
तीन हफ्ते चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 29 मुकाबले खेले जाएंगे। सभी 6 क्वालीफाइंग मुकाबले रायपुर के शहीद वीर नारायन सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जाएंगे और इसके बाद 2 मुख्य मुकाबले भी इसी मैदान पर होंगे।