राज्यों में फुटबॉल के नाम पर चल रहा खेल पर ज्यादा दिन नहीं चल सकेगा। ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (एआईएफएफ) राज्यों में फुटबॉल गतिविधि की मॉनीटरिंग के लिए गाइडलाइन बनाने जा रही है। इससे राज्यों में चल रही लीग के नाम पर फर्जीवाडे़ का भी खुलासा होगा।
सूचना के अधिकार के तहत फुटबॉल प्रेमी राजू गुसाईं की ओर से मांगी गई सूचना के जवाब में एआईएफएफ ने यह जानकारी दी है। फेडरेशन के अनुसार राज्यों में फुटबॉल गतिविधियों को देखने के लिए एक कमेटी भी बनाई जाएगी।
राजू गुसाईं के अनुसार फेडरेशन की नीति के अनुसार राज्यों को हर साल स्टेट लीग और जिलों में जिला लीग कराना जरूरी है। साथ ही राज्य एसोसिएशन से कम से कम 10 जिलों और एक जिले में 6 क्लबों का रजिस्टर्ड होना आवश्यक है।
मगर इसकी मॉनीटरिंग भी नहीं की जा रही है। राजू गुसाईं ने बताया कि वे आवेदन के 18 महीने बाद मिली सूचना से वे संतुष्ट नहीं हैं। इसलिए वे केंद्रीय सूचना आयोग में अपील करेंगे।