अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल कीमतों में आई तेजी की वजह से रविवार को जेट ईंधन (एटीएफ) के दामों में 8.2 फीसदी की बढ़ोतरी की गई। वहीं बिना सब्सिडी वाला रसोई गैस का सिलेंडर भी पांच रुपये महंगा हो गया।
दिल्ली में एटीएफ का दाम 3,849.97 रुपये प्रति किलोलीटर यानी 8.2 फीसदी बढ़ कर 50,363 रुपये प्रति किलोलीटर हो गया। तेल कंपनियों ने रविवार को इसकी घोषणा की।
इस बढ़ोतरी से पहले अगस्त से एटीएफ कीमतों में लगातार सात बार 33 फीसदी या 23,648.73 रुपये की कटौती की गई थी।
कीमतों में बढ़ोतरी पर तत्काल किसी एयरलाइंस की प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। इसी के साथ तेल कंपनियों ने बिना सब्सिडी वाले रसोई गैस के सिलेंडर की कीमतों में भी पांच रुपये की बढ़ोतरी कर दी है जिसके बाद दिल्ली में एक सिलेंडर 610 रुपये का हो गया है। हालांकि दिल्ली में सब्सिडी वाले रसोई गैस के सिलेंडर का दाम 417 रुपये है।