आईपीएल का सातवां संस्करण शुरू होने में महज एक दिन शेष रह गया है। ऐसे में क्रिकेट प्रशंसकों के सामने जहां क्रिकेट का रोमांच देखने का मौका होगा वहीं क्रिकेटरों के पास ढेरों रिकॉर्ड बनाने का भी मौका होगा।
इंडियन प्रीमियर लीग के पिछले छह संस्करण बेहद शानदार रहे हैं और हर संस्करण में कई दिलचस्प रिकॉर्ड भी बने।
ट्वंटी-20 क्रिकेट के इस सबसे बड़े आयोजन की शुरुआत पहली बार यूएई से होने जा रही है। यूएई में आईपीएल के जरिए दुनियाभर के क्रिकेटर इकट्ठे होंगे और शानदार क्रिकेट से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करने की तैयारी में जुटे हैं। अब देखना होगा कि ऐसे कौन से नायाब रिकॉर्ड हैं जिसे तोड़ने के लिए क्रिकेटरों में मुकाबला होगा।
IPL में छक्कों के 'दोहरे शतक' के करीब
यूं तो आईपीएल में 20-20 ओवरों का मुकाबला होता है। क्रिकेट के इस सबसे छोटे प्रारूप में किसी भी टीम के लिए बड़ा स्कोर खड़ा करने के वास्ते बल्लेबाजों पर खासा दबाव होता है।
बल्लेबाज अपनी पारी के दौरान तेजी से रन बनाकर टीम के लिए विशाल स्कोर खड़ा करने में मदद करते हैं। एक गेंद पर सबसे ज्यादा रन छक्का मारकर ही बनाया जा सकता है। आईपीएल में छक्का मारने के मामले वेस्ट इंडीज के खब्बू बल्लेबाज क्रिस गेल का कोई जवाब नहीं है, वह आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरू के लिए खेलते हैं और इससे पहले वह कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए खेल चुके हैं।
गेल ने 2009-2013 के बीच 59 मैचों की 58 पारियों में 180 छक्का जड़े हैं। वह अपने इस नायाब दोहरे शतक से महज 20 छक्के दूर हैं और लगता है कि इस टूर्नामेंट में छक्कों का दोहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे। गेल के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के सुरेश रैना (115) और मुंबई इंडियंस के रोहित शर्मा (110 छक्का) का नंबर आता है।
गंभीर के पास चौके के 2 रिकॉर्ड बनाने का मौका
छक्के के बाद एक गेंद पर सबसे ज्यादा रन चौके से मिलता है और आईपीएल में सबसे ज्यादा चौके लगाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है। मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए सचिन ने 2008 से लेकर 2013 तक 78 मैचों में 295 चौके लगाए हैं। हालांकि वह क्रिकेट से अब संन्यास ले चुके हैं।
सचिन के बाद आईपीएल खेलने वालों में कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान गौतम गंभीर का नंबर है जो पिछले 6 सत्रों में 88 मैचों में 291 चौके लगा चुके हैं। गंभीर के पास चौके से संबंधित दो रिकॉर्ड बनाने का मौका है, पहला, आईपीएल में सर्वाधिक चौके का रिकॉर्ड और दूसरा, चौके का तिहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड।
गंभीर इस रेस में अन्य से काफी आगे हैं। उनसे पीछे वीरेंद्र सहवाग हैं जिन्होंने 266 चौके लगाए हैं।
अमित अपने नाम से हटाना चाहेंगे यह रिकॉर्ड
आईपीएल में एक ऐसा भी रिकॉर्ड है जिसे कोई भी अपने नाम नहीं करना चाहेगा। यह रिकॉर्ड है टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा शून्य पर आउट होने का।
गेंदबाजी में कमाल करने वाले फिरकी गेंदबाज अमित मिश्रा आईपीएल के पिछले 6 सत्र में सबसे ज्यादा 9 बार शून्य पर आउट हुए हैं। उनके बाद इस सूची में राहुल शर्मा, मनीष पांडे और जैक्स कालिस के नाम हैं जो 8-8 बार खाता खोले बगैर ही आउट हो गए।
कोलकाता के बल्लेबाज गौतम गंभीर, पीयूष चावला और हरभजन सिंह 7-7 बार शून्य पर आउट हुए।
मलिंगा का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं अमित मिश्रा
आईपीएल के सबसे सफल गेंदबाजों में मुंबई इंडियंस के लसित मलिंगा का नाम आता है जिन्होंने 2009 से लेकर 2013 तक 73 मैचों में 103 विकेट चटकाए हैं।
इसके बाद फिरकी गेंदबाज अमित मिश्रा का नंबर है जो 76 मैचों से 95 बल्लेबाजों को अपना शिकार बना चुके हैं। टूर्नामेंट में विकेटों का शतक लगाने से वह महज 5 विकेट दूर हैं। साथ ही अमित मलिंगा का सबसे ज्यादा विकेट लेने के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं।
अगर वह ऐसा कर पाते हैं तो टूर्नामेंट में विकेटों का शतक लगाने वाले पहले फिरकी गेंदबाज होंगे। डक्कन चार्जर्स के लिए खेल चुके रुद्र प्रताप सिंह इस सूची में 87 विकेट निकाल चुके हैं।
सफल क्षेत्ररक्षक बनने की होड़ में रैना और रोहित
आईपीएल बल्ले और गेंद के बीच का खेल है लेकिन इसमें क्षेत्ररक्षकों का भी अहम योगदान रहता है जो अपने दम पर बेहतर क्षेत्ररक्षण कर बल्लेबाजों पर दबाव बनाता है और अपने गेंदबाजों को सफलता दिलाता है।
सुरेश रैना को बेहतरीन क्षेत्ररक्षक माना जाता है और उन्होंने आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए 99 मैचों में 52 बल्लेबाजों का कैच लपका है। आईपीएल में वह सबसे सफल क्षेत्ररक्षक हैं और उनके बाद रोहित शर्मा का नंबर है जिन्होंने 49 कैच लपके हैं।
तीसरे स्थान पर ड्वेन ब्रॉवो (मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स) हैं जिन्होंने 73 मैचों से 41 कैच किए।
1 मैच खेलते ही 'शतक' लगा देगा यह बल्लेबाज
सुरेश रैना के लिए आईपीएल हमेशा से खास रहा है। वह चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते हुए अब तक 99 मैच खेल चुके हैं और एक मैच खेलते ही मैच खेलने का शतक ही लगा देंगे।
रैना के बाद रोहित शर्मा का नंबर है जो अब तक 97 मैच खेल चुके हैं। चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इस मामले में तीसरे पायदान पर है जिन्होंने 96 मैच खेले हैं।
रैना के खाते में सबसे ज्यादा रन बनाने का भी रिकॉर्ड दर्ज है उन्होंने अब तक 2802 रन बनाए हैं और उनके बाद मुंबई इंडियंस के रोहित शर्मा (2513 रन) का नंबर है, जबकि तीसरे स्थान पर क्रिस गेल हैं जिन्होंने 2512 रन बनाए हैं।
4 मैचों में की कप्तानी और लगा दिया शतक
आईपीएल की सबसे सफल टीम है चेन्नई सुपर किंग्स। चेन्नई टीम की कमान है महेंद्र सिंह धोनी के हाथों में। उन्होंने अपनी कप्तानी में टीम को दो खिताब दिलाए हैं।
पिछले 6 सत्रों में धोनी ने 96 मैचों में कप्तानी की है जिसमें टीम को 58 में जीत और 37 में हार मिली है। एक मैच का परिणाम नहीं निकला है। बतौर कप्तान शतक लगाने से धोनी 4 मैच दूर हैं।
धोनी के बाद सबसे ज्यादा मैचों की कप्तानी करने का रिकॉर्ड गौतम गंभीर के नाम दर्ज है जो अब तक 63 मैचों में कप्तान रहे हैं।