योग करने के लिए अब आपको किसी शिक्षक या गुरु के पास नहीं जाना होगा। योगा करने के लिए अब आपको टेलीविजन पर योग गुरुओं के कार्यक्रम को भी नहीं देखना होगा। अपने मोबाइल के सहारे अब आप आसानी से योगा कर सकेंगे।
माइक्रोसॉफ्ट व कई अन्य साफ्टवेयर कंपनियों ने योग से जुड़े कई ऐप्स बनाए हैं, जिसे डाउनलोड कर आप विभिन्न प्रकार के योग का अभ्यास कर सकते हैं और इसके बदले में कोई फीस नहीं चुकानी होगी।
बाजार में हर प्रकार केयोग के ऐप्स मौजूद है। इनमें सुंदर दिखने वाले योग, आंतरिक ताकत बढ़ाने वाले योग, गर्भावास्था के दौरान करने वाले योग जैसे कई ऐप्स शामिल हैं।
अगर आप योग करने के दौरान बाबा रामदेव का अनुसरण करना चाहते है तो भी आपका काम योग ऐप से चल जाएगा। माइक्रोसॉफ्ट ने तो बाबा रामदेव योग नामक ऐप लांच कर दिया है, जो मुफ्त में डाउनलोड किया जा सकता है।
ऐप को डाउनलोड कर योग का कर सकते हैं अभ्यास
आगामी 21 जून को विश्व योग दिवस मनाया जा रहा है और सरकार इस बात की उम्मीद कर रही है कि इस कार्यक्रम के बाद भारत से विश्व भर में योग गुरु की मांग निकलेगी, लेकिन इन ऐप्स को देखने के बाद योग गुरुओं की मांग प्रभावित हो सकती है। माइक्रोसॉफ्ट की तरफ से योग, योगासन, बाबा रामदेव योग, फेसियल योग तो प्रीनेटल योग ऐप्स लांच किया गया है।
चेहरे को सुंदर व आकर्षक बनाने के लिए फेसियल योग ऐप के सहारे आप सुंदरता से जुड़ी योग क्रियाओं की पूरी जानकारी ले सकती है। सिर्फ योग नामक ऐप में सूर्य नमस्कार व कई अन्य प्राचीन योग क्रियाओं की जानकारी दी गई है।
सबसे बड़ी बात यह है कि इन ऐप को डाउनलोड कर उसे किसी बड़े स्क्रीन पर जोड़ देने से उसे किसी मैदान में रखा जा सकता है और एक साथ कई लोग उसका अनुसरण कर सकते हैं। ऐसे में योग गुरुओं की सेवा निश्चित रूप से प्रभावित हो सकती है।