दिल्ली के कोटला मैदान के निर्माण में कथित तौर पर हुई धांधली की जांच की मांग करने वाले सांसद कीर्ति आजाद पर वित्त मंत्री अरुण जेटली ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के दौरान सांसद ने सोनिया गांधी से मिलकर मेरे खिलाफ जांच करने की मांग की थी।
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक जेटली ने कहा, 'हमारे एक सांसद ने कांग्रेस सरकार को पत्र लिखा था, वो सोनिया गांधी से भी मिले थे। सोनिया गांधी और उन्होंने कहा था कि हम जेटली को निपटा देंगे।' हालांकि, इस दौरान उन्होंने कीर्ति आजाद का नाम नहीं लिया। लेकिन दरभंगा से सांसद आजाद जिस तरह से डीडीसीए में हुए घोटाले की जांच की मांग कर रहे हैं उसको देखते हुए यह साफ होता है कि ये इशारा उन्हीं के लिए हो सकता है।
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी लगातार आजाद का नाम लेकर जांच का मुद्दा बार-बार उठा रही हैं और खुद आजाद ने भी रविवार की शाम को एक प्रेस वार्ता कर कुछ नए खुलासे करने की बात कही है। हालांकि, आजाद को बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व ने यह मुद्दा नहीं उठाने को लेकर चेतावनी भी दी है लेकिन उन्होंने इसकी परवाह नहीं की।