हाउसिंग डॉट कॉम वेबसाइट के सीईओ राहुल यादव एक बार फिर अचानक चर्चा में आ गए हैं। एक बिजनेस वेबसाइट के उनके इस्तीफे की खबर प्रकाशित करने के बाद अचानक ही राहुल सोशल मीडिया साइट ट्विटर पर ट्रेंड करने लगे और चर्चा का विषय बन गए।
हालांकि बाद में अंग्रेजी वेबसाइट ने उस खबर को हटा लिया है जिसमें दावा किया गया था कि राहुल ने फिर से हाउसिंग डॉट कॉम के सीईओ पद से इस्तीफा दे दिया है। साथ ही बोर्ड ने उनका इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया है। इस खबर का लिंक शेयर करते हुए राहुल ने अपने फेसबुक पोस्ट पर लिखा है कि अगर आपके साथ टाइम्स समूह है तो आपको गर्ल फ्रेंड की क्या जरूरत है?
ये पहली बार नहीं है कि राहुल यादव सोशल मीडिया साइट पर अचानक से चर्चाओं में आ गए हों। इससे पहले तीन बार और राहुल सोशल मीडिया पर चर्चा में आए थे। पहली बार राहुल तब चर्चा में आए थे जब उन्होंने पहली बार इस्तीफा देकर उसे सोशल मीडिया साइट पर प्रचारित कर दिया था। उस समय उन्होंने हाउसिंग डॉट कॉम के बोर्ड का अपना खुला इस्तीफा पत्र भेज दिया था।
उस समय राहुल के इस्तीफे को युवाओं ने हाथों हाथ लिया था। साथ ही राहुल को उनके इस प्रयास के लिए काफी सराहना मिली थी। पर उनके इस्तीफे को स्वीकार नहीं किया गया था।