केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सीमा पर शांति भंग करने वालों को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि किसी ने पहली गोली चलाई तो भारत जवाबी कार्रवाई में नहीं हिचकेगा। उन्होंने कहा कि हम किसी को छेड़ेंगे नहीं पर यदि किसी ने छेड़ा तो उसे छोड़ेंगे भी नहीं।
गृहमंत्री के अनुसार सरकार पाकिस्तान के साथ पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) पर वार्ता के लिए तैयार है। कश्मीर के मुद्दे पर कोई बात नहीं होगी। राजनाथ सिंह ‘राष्ट्रीय सुरक्षा, चुनौतियां और रणनीति’ विषय पर पहले वाईएन सिंह मेमोरियल फाउंडेशन लेक्चर सीरीज के उद्घाटन मौके पर बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि भारत हमेशा अपने पड़ोसियों के साथ अच्छे रिश्ते चाहता है और किसी को परेशान नहीं करने की अपनी नीति पर कायम है लेकिन यदि किसी ने पहल की तो हम जवाब देते समय गोलियां नहीं गिनेंगे।
राजनाथ ने हाल ही में पाक रेंजर्स के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के दौरान हुई बातचीत का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को स्पष्ट कर दिया है कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और रहेगा। यदि पाक बात करना चाहता है तो केवल पीओके पर बात होगी।
राजनाथ ने देश की अर्थव्यवस्था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कूटनीति पर भी बात की। उन्होंने विश्वास जताया कि 10 से 15 सालों में भारत विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगा। हालांकि वह यह कहना नहीं चूके कि कुछ राष्ट्रविरोधी तत्व देश को वहां तक नहीं पहुंचते देखना चाहते हैं।
मोदी की कूटनीति की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व के गुणों की ही वजह से संयुक्त अरब अमीरात जैसा देश आतंक से लड़ने के मुद्दे पर भारत के साथ खड़ा हो गया है।