बनारसी साड़ी की ब्रांडिंग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता का सहारा लिया जाएगा। बड़ा लालपुर में ट्रेड फैसिलिटी सेंटर की आधारशिला रखने के बाद पीएम ने बनारसी साड़ी के कारोबार के बारे में जो बातें कही थीं, वाराणसी वस्त्र उद्योग उन पर अमल तो करेगा ही, उनके संबोधन के ऑडियो-वीडियो को भीप्रचार-प्रसार में इस्तेमाल करेगा।
पीएम ने गेटवे होटल में प्रबुद्धजन सम्मेलन में भी कहा था कि उनकी अपील के चलते खादी व्यवसाय में सवा सौ फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। उनकी इस बात से बनारसी वस्त्र उद्योग एसोसिएशन बेहद आशान्वित है। एसोसिएशन की पहल पर केंद्रीय वस्त्र राज्यमंत्री संतोष गंगवार ने बनारसी साड़ी की ब्रांडिंग की कार्ययोजना पर मंत्रणा के लिए कारोबारियों को नई दिल्ली बुलाया है।
हाल ही में बनारसी वस्त्र उद्योग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने केंद्रीय वस्त्र राज्यमंत्री से बनारसी साड़ी की ब्रांडिंग के संबंध में बात की थी। उनसे पीएम के विचारों को आधार बनाकर बनारसी साड़ी के ब्रांडिंग कैंपेन के लिए अनुरोध किया था। दरअसल, निर्यातक ही नहीं, गद्दीदार और बुनकरों की भी यही शिकायत है कि बनारसी साड़ी का ठीक ढंग से प्रचार-प्रसार न होने की वजह से यह व्यवसाय दम तोड़ रहा है।
पिछले दिनों यहां आए प्रधानमंत्री ने न केवल बनारसी साड़ी के महत्व को समझाया बल्कि बुनकरों को डिजाइन, सर्विस और परंपरा को बेहतर बनाने के टिप्स भी दिए। एसोसिएशन के महामंत्री राजन बहल ने बताया कि कारोबारियों ने निश्चय किया है कि अब जहां भी बनारसी साड़ियों की प्रदर्शनी लगेगी, वहां इसके प्रचार-प्रसार के लिए पीएम के संबोधन के ऑडियो-वीडियो के अलावा उनके भाषण का जिक्र ग्लोसाइन बोर्ड पर भी किया आएगा।
बनारसी साड़ी की ब्रांडिंग पर चर्चा के लिए केंद्रीय वस्त्र राज्यमंत्री ने बुलाया है। जल्द ही एसोसिएशन की बैठक में इस बारे में चर्चा होगी। बहल ने कहा कि पीएम मोदी अंतरराष्ट्रीय शख्सीयत हैं। देशी-विदेशी निर्यातकों-आयातकों से बड़े सौदे के दौरान पीएम के संबोधन का हवाला दिया जाएगा। संगठन की ओर से बुनकरों को उत्साहित करने के लिए समय-समय पर संबोधन के वीडियो फुटेज को दिखाया जाएगा।