मुंबई पर हुए 26/11 हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद को अपने एक पत्र में ‘साहिब’ कहे जाने पर संयुक्त राष्ट्र ने खेद जताया है। यही नहीं वैश्विक संस्था ने भूल सुधार करते हुए फिर से नया पत्र भी जारी किया है। यह खत सार्वजनिक होने के बाद भारत ने इस पर आपत्ति जताई थी।
यह पत्र संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद पैनल की ओर से 17 दिसंबर को जारी किया था। इस पर भूल सुधारते हुए यूएन की अल कायदा प्रतिबंध कमेटी के प्रमुख ने रविवार को नया खत जारी किया। मालूम हो कि संयुक्त राष्ट्र ने 2008 में जेयूडी और सईद पर पाबंदी लगा दी थी।
इसके तहत जेयूडी और सईद की वित्तीय संपत्तियों और आर्थिक गतिविधियों को सीज कर दिया गया था। साथ ही इनकी किसी दूसरे देश के सीमा में प्रवेश पर भी पाबंदी लगा दी गई थी। अमेरिका ने लश्कर-ए-ताइबा के संस्थापक सईद पर वर्ष 2003 से ही एक करोड़ डॉलर का इनाम घोषित कर रखा है। हालांकि, इसके बाद भी वह पाकिस्तान में खुलेआम घूम रहा है और सार्वजनिक सभाओं में भारत के खिलाफ जहर उगल रहा है।
ये था मामला
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने अपने एक पत्र में मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद को 'साहेब' लिखकर संबोधित किया था। संयुक्त राष्ट्र के इस कदम पर भारत ने अपनी नाराजगी जताई थी और इस कदम पर कड़ा विरोध दर्ज कराया था।
सुरक्षा परिषद की समिति के मुखिया गैरी क्वीनलेन ने प्रतिबंधित व्यक्तियों और उनकी आतंकी गतिविधियों के संबंध में 17 दिसंबर को एक पत्र लिखा था, जिसमें हाफिज सईद के लिए साहेब शब्द का इस्तेमाल किया गया था।
संयुक्त राष्ट्र के इस कदम पर भारत ने स्पष्टीकरण मांगा था। इससे पहले भी पाकिस्तान की एक आतंकवाद निरोधक अदालत ने 26/11 हमलों के आरोपी जकी-उर रहमान लखवी को जमानत देकर भारत को निराश किया था। भारत ने इस फैसले पर भी कड़ा एतराज जताया था।
कौन है हाफिज सईद
जमात उल दावा के प्रमुख हाफिज सईद अपनी भारत विरोधी गतिविधियों के लिए कुख्यात हैं और उनके ट्विटर अकाउंट को हाल ही में बंद किया गया है। सईद मुंबई के 26/11 हमलों का मास्टर माइंड था और वो माइक्रो ब्लागिंग साइट पर काफी ज्यादा सक्रिय रहता था और वो ट्विटर के जरिए ऐसे पोस्ट किया करता था जो भारत की भावनाओं को भड़काया करती थीं।
हाल ही में सईद ने पेशावर के हमले के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराया था जबकि पाकिस्तान के एक आतंकवादी संगठन तालिबान ने इसकी जिम्मेदारी अपने उपर पहले ही ले ली थी। सईद पर पहले भी पाकिस्तान के भीतर भारत पर हमले की योजना का आरोप लगता रहा है। इतना ही नहीं सितंबर के महीने में पाकिस्तान में आई बाढ़ पर भी सईद ने टिप्पणी करते हुए इसके लिए भी भारत सरकार को जिम्मेदार ठहराया था।