संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने अपने एक पत्र में मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद को 'साहेब' लिखकर संबोधित किया है। संयुक्त राष्ट्र के इस कदम ने भारत को काफी निराश किया है और उसने इस कदम पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। गौरतलब है कि प्रतिबंधित संगठन जमात-उल-दावा के प्रमुख सईद के सिर पर अमेरिका ने 10 मिलियन डॉलर का ईनाम भी घोषित किया था।
सुरक्षा परिषद की समिति के मुखिया गैरी क्वीनलेन ने प्रतिबंधित व्यक्तियों और उनकी आतंकी गतिविधियों के संबंध में 17 दिसंबर को एक पत्र लिखा था जिसमें हाफिज सईद के लिए साहेब शब्द का इस्तेमाल किया गया है। संयुक्त राष्ट्र के इस कदम पर भारत ने स्पष्टीकरण मांगा है। इससे पहले भी पाकिस्तान की एक आतंकवाद निरोधक अदालत ने 26/11 हमलों के आरोपी जकी-उर रहमान लखवी को जमानत देकर भारत को निराश किया था। भारत ने इस फैसले पर भी कड़ा एतराज जताया था।