बेवजह की बदनामी से परेशान होकर छात्रा ने जब आत्मदाह का खतरनाक कदम उठाया तब जाकर बरेली पुलिस को होश आया। डीएम आवास पर बुधवार की सुबह आत्मदाह करने की कोशिश करने वाली छात्रा को बदनाम करने वाले लड़के मानू को देर रात सुभाषनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अभी यह नहीं बता रही है कि उसे कहां से पकड़ा गया है। मानू के खिलाफ पहले से मुकदमा दर्ज है। बृहस्पतिवार को उसे जेल भेजा जाएगा।
सुभाषनगर इलाके में रहने वाली एक युवती के परिवार का घर के सामने ही रहने वाले लेखपाल के परिवार से रास्ते का विवाद चल रहा है। लेखपाल ने अपने घर में दुकान भी खोल रखी है। युवती के मुताबिक इस दुकान पर खड़े होने वाले शोहदे अक्सर उस पर और उसकी बहन पर फब्तियां कसते रहते थे। पिछले दिनों दो लड़कों ने कहीं से उसका फोटो हासिल कर उसके पोस्टर बनवा लिए और उन पर अश्लील टिप्पणियां लिखकर जगह-जगह चस्पा कर दिए। युवती की तरफ से इस मामले में मानू और उसके मामा के बेटे के खिलाफ सात नवंबर को थाना सुभाष नगर थाने में रिपोर्ट लिखाई गई थी लेकिन पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश नहीं की।
युवती का कहना है कि पुलिस की ढिलाई से आरोपी उस पर समझौते का दबाव बना रहे हैं। उसे फोन पर अपहरण की धमकियां दी जा रही हैं। उसे उसकी रिश्तेदारी में भी बदनाम किया जा रहा है। इससे तनावग्रस्त युवती बुधवार सुबह सात बजे ही बोतल में मिट्टी का तेल लेकर डीएम आवास के सामने पहुंच गई। उसने अपने शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की तो गेट पर बैठे सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़कर महिला पुलिस को बुला लिया। महिला पुलिस उसे थाने ले गई। चूंकि मामला सुभाषनगर थाने का था इसलिए उसे वहां भेज दिया गया। दोपहर तक थाने में बैठी युवती आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करती रही। देर शाम उसे आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर घर भेज दिया गया। देर रात पुलिस ने मानू को गिरफ्तार कर लिया।
यही हरकत छोटी बहन के साथ की थी
युवती ने बताया कि एक साल पहले इन्हीं आरोपियों ने उसकी बहन के फोटो के साथ भी अश्लील बातें लिखकर मोहल्ले में पोस्टर चस्पा कर दिए थे। यही नहीं आरोपियों ने पोस्टर पर उसकी बहन का फोन नंबर तक लिख दिया था। शिकायत करने के बाद पुलिस ने मानू को पकड़ लिया। उसने अपना जुर्म भी कबूल किया था लेकिन उसे सिर्फ माफी मंगवाकर छोड़ दिया गया। कोई सजा न मिलने के कारण आरोपियों के हौसले और बुलंद हो गए।
आनन-फानन में कपड़े बदलवाए
युवती के आत्मदाह की कोशिश की जानकारी पर उसके घरवाले सुभाषनगर थाने पहुंच गए। युवती के कपड़े मिट्टे के तेल से भीगे थे। यह देख पुलिस ने घरवालों से दूसरे कपड़े मंगवाए और युवती के भीगे कपड़े थाने में ही बदलवा दिए गए।