महात्मा गांधी के पौत्र और सामाजिक कार्यकर्ता तुषार गांधी ने बृहस्पतिवार को यहां जयपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि गांधी जयंती पर इसे शुरू करने या दो-तीन बार झाड़ू लगाने मात्र से स्वच्छता नहीं आएगी। जरूरत इस बात की है कि लोग गंदगी करें ही नही। जब लोग खुद साफ रहेंगे तो स्वच्छता आएगी ही।
जयपुर में आधुनिक भारत विषय पर एक व्याख्यान देने आए तुषार गांधी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बापू स्वच्छता को प्रभु की भक्ति मानते थे।
अब लोग उनका चश्मा पहन कर स्वच्छता अभियान शुरू कर सकते हैं, लेकिन यह भी सच है कि हर किसी की आंखों में अलग रंग चढ़ा है।
उन्होंने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाया और कहा कि आजादी के इतने वर्ष बाद भी हम धर्म निरपेक्षता को मन से नहीं अपना पाए है।
उन्होंने कहा कि वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए कई बेवजह के मुद्दे उछाल दिए जाते हैं। गांधी ने कहा कि गांवों को विकास के नाम पर शहरों में बदलना उचित नहीं है, बल्कि गांव में ही जरूरी संसाधनों के स्रोत विकसित किए जाएं।