पैराजंपिंग प्रशिक्षण के दौरान हजारों फीट ऊंचाई से छलांग के बाद पैराशूट नहीं खुलने से सोमवार देर रात आईटीबीपी जवान की जमीन पर गिरने से मौत हो गई। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर सेना को सौंप दिया।
यूपी हरियाणा सीमा पर स्थित यमुना नदी के कई किलोमीटर तक फैले रेतीले मैदान पर सेना के जवान अक्सर प्रशिक्षण लेते हैं। सोमवार देर रात वायुसेना के जहाज से जवान हजारों फुट की ऊंचाई से छलांग लगाकर पैराशूट के सहारे अंधेरे में जमीन पर सुरक्षित उतरने का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे।
हवाई जहाज से जंप लगाने के बाद लेह निवासी करमा शिरिंग फुनसोक (22) का पैराशूट नहीं खुल पाया जिससे वह हजारों फीट की ऊंचाई से सीधा मैदान पर आ गिरा। हादसा होते ही साथी जवान करमा शिरिंग को उठाकर समीप ही खड़ी एंबुलेंस में ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया जिसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।