आम आदमी पार्टी की पहली लिस्ट जारी होने के बाद अब दूसरी लिस्ट के नामों पर चर्चाओं का बाजार गरम है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की टक्कर में पार्टी किसी नामचीन चेहरे को उतारने की तैयारी में है।
इसके लिए शुरुआत में वरिष्ठ नेता संजय सिंह का नाम लिया जा रहा था लेकिन उनके अनिच्छा जाहिर करने पर अब शाजिया इल्मी के नाम पर अटकलें लगाई जा रही हैं।
शाजिया पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की सदस्य हैं और दिल्ली विधान सभा चुनाव में आरके पुरम सीट से चुनाव लड़ा था। मामूली अंतर से वह चुनाव हार गई थीं।
खुर्शीद के खिलाफ लड़ने की जताई थी इच्छा
सूत्रों की मानें तो लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू होने के बाद शाजिया ने दक्षिण दिल्ली या केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी।
मगर, पहली लिस्ट में पार्टी ने खुर्शीद के खिलाफ पत्रकार मुकुल त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, दक्षिणी दिल्ली सीट के बारे में माना जा रहा है कि यहां से किसी भी उम्मीदवार के सहारे पार्टी विरोधियों को टक्कर दे सकती है।
ऐसे में शाजिया का नाम रायबरेली से उछाला जा रहा है। हालांकि पार्टी इसके बारे में कुछ भी कहने से इंकार कर रही है। पार्टी प्रवक्ता दिलीप पांडेय का कहना है कि अभी तक दूसरी लिस्ट के उम्मीदवारों पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
मोदी के खिलाफ लड़ सकते हैं केजरीवाल
दूसरी तरफ ‘आप’ भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के खिलाफ मजबूत उम्मीदवार की तलाश में है। पार्टी का एक बड़ा तबका पहले से ही इस बात पर सहमत है कि मोदी के खिलाफ अरविंद केजरीवाल को चुनाव मैदान में उतरना चाहिए।
मतदाताओं के बीच इसका अच्छा संदेश जाएगा। सूत्र बताते हैं कि पार्टी के भीतर अब इस पर सहमति बनती दिख रही है कि अगर मोदी गुजरात से बाहर चुनाव लड़ते हैं तो केजरीवाल उनके सामने उतर सकते हैं।
इस बारे में संजय सिंह ने बताया कि पहले भाजपा को तय करने दीजिए, कि मोदी कहां से चुनाव लड़ेंगे, इसके बाद पार्टी अपनी रणनीति का खुलासा करेगी।