फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'अमित शाह को कैसे आवंटित कर दी कोठी'

Thu, 18 Sep 2014 09:10 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बड़ौत (बागपत), मेरठ
विज्ञापन
विज्ञापन
रालोद के महासचिव और मथुरा के पूर्व सांसद जयंत चौधरी ने कहा दिल्ली स्थित 12 तुगलक रोड की कोठी के लिए किसानों का आंदोलन करना पूरी तरह से जायज है। अगर स्वर्गीय कांशीराम और जगजीवन राम के स्मारक बन सकते हैं, तो किसानों के मसीहा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का स्मारक क्यों नहीं बन सकता। उन्होंने कहा उन्हें कोठी की जरूरत नहीं है, लेकिन इस कोठी के साथ किसानों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं।
विज्ञापन


बागपत में बड़ौत के ढिकाना गांव में आर्थिक तंगी के कारण आत्महत्या कर लेने वाले गन्ना किसान राहुल के परिजनों को सांत्वना देने के बाद मीडिया से बात करते हुए जयंत चौधरी ने कहा रालोद अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह की कोठी का बिजली और पानी काटा गया, लेकिन पूर्व मंत्री यशवंत सिन्हा समेत कई ऐसे नेताओं की कोठियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई जो अब किसी भी सदन के सदस्य नहीं है।

उन्होंने कहा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह न तो मंत्री हैं और न ही सांसद, फिर उन्हें कोठी कैसे आवंटित की गई है। उनसे पूछा गया कि क्या कोठी के लिए मुरादनगर से दिल्ली का पानी रोक देना जायज है। तो उन्होंने कहा कि किसान जो कर रहे हैं, इसमें कुछ भी गलत नहीं है। गौरतलब है कि रालोद ने बृहस्पतिवार (आज) को पानी रोकने का ऐलान किया है।
विज्ञापन


किसान की आत्महत्या को सरकार जिम्मेदार
जयंत चौधरी ने कहा किसानों के खुदकुशी करने की घटनाओं के लिए प्रदेश और केंद्र की सरकारें जिम्मेदार हैं। अभी ये दुखद घटनाएं पश्चिमी यूपी में हो रही है, लेकिन यह आग पूरे देश में फैल सकती है। उन्होंने कहा  मृतक राहुल के परिवार को पार्टी स्तर से हर संभव मदद कराई जाएगी।
विज्ञापन

आज दिल्ली का पानी बंद करेंगे किसान

12 तुगलक रोड कोठी खाली कराने और बिजली-पानी कनेक्शन काटे जाने का मुद्दा दिल्ली के पानी को रोकने तक पहुंच गया है। बृहस्पतिवार को मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, हापुड़, बुलंदशहर आदि जिलों के किसान मुरादनगर गंगनहर पर ट्रैक्टर-ट्रालियों से पहुंचेंगे। इसके बाद दिल्ली का पानी बंद किया जाएगा। संपर्क करने गई टीमों को किसानों ने आश्वस्त किया कि ये लड़ाई किसानों के आत्म सम्मान से जुड़ी है। चौधरी चरण सिंह स्मारक के लिए वे हर कुर्बानी देने को तैयार है।

पितृ पक्ष में ही चौधरी अजित सिंह से कोठी खाली कराने और बिजली-पानी का कनेक्शन काटे जाने से किसानों में रोष है। किसानों ने कोठी में चौधरी चरण सिंह स्मारक बनाए जाने के लिए आंदोलन शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को मुरादनगर गंगनहर से दिल्ली का पानी रोकने के लिए भाकियू और चौधरी चरण सिंह विचार मंच के नेताओं ने गांव-गांव जाकर जनसंपर्क किया।

किसान अधिकार आंदोलन ने दिया समर्थन
किसान अधिकार आंदोलन ने भी चौधरी चरण सिंह स्मारक की मांग करते हुए दिल्ली का पानी रोके जाने का समर्थन किया है। संगठन के राष्ट्रीय संयोजक कुलदीप कुमार त्यागी ने बताया कि चौधरी चरण सिंह देश के किसानों की आत्मा में बसे हैं। संगठन कार्यकर्ता सुबह मुरादनगर गंगनहर के लिए कूच करेंगे।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने वैंकेया नायडू को लिखा पत्र
हरियाणा के सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वैंकेया नायडू को पत्र लिखकर 12 तुगलक रोड कोठी में चौधरी चरण सिंह स्मारक बनाए जाने की मांग की है। हुड्डा ने कहा कि यह कोठी चौधरी चरण सिंह को सांसद बनने पर दी गई थी। इसी कोठी से उन्होंने प्रधानमंत्री बनने तक का सफर तय किया था। यही पर उन्होंने अंतिम सांस ली थी। चौधरी चरण सिंह देश के सबसे बड़े किसान नेता रहे हैं। किसानों की भावनाओं की कद्र करते हुए उनकी कोठी को चौधरी चरण सिंह स्मृति भवन में तब्दील किया जाए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें