प्रेसीडेंसी यूनिवर्सिटी में लड़कियों से बदतमीजी और कैंपस में तोड़फोड़ का मामला गर्माता जा रहा है।
कुलपति ने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से अब इस मामले की जांच कराने की अपील की है। इसके साथ ही वह बुधवार को हुई इस घटना की जानकारी राज्यपाल को भी देंगी।
मालबिका सरकार ने कहा, ‘प्रेसीडेंसी यूनिवर्सिटी दूसरे शैक्षिक संस्थानों जैसा नहीं है। बुधवार को हुई यह घटना बेहद ही शर्मनाक थी। मैं तृणमूल कांग्रेस के झंडे लिए हुए हमलावरों के बारे में राज्यपाल को लिखूंगी, जिन्होंने यूनिवर्सिटी में तोड़फोड़ और छात्राओं से दुर्व्यवहार जैसी हरकतें कीं।’
सरकार ने दावा किया कि जिस समय छात्रों की पिटाई और छात्राओं से दुर्व्यवहार किया जा रहा था, मौके पर मौजूद पुलिस खड़ी देखती रही। हमने पुलिसकर्मियों से कहा कि वह हमलावरों को रोकें, मगर उन्होंने कहा कि हमें ऐसे कोई आर्डर नहीं मिले हैं।
सरकार ने कहा कि वह छात्रों द्वारा इस घटना के खिलाफ आयोजित प्रदर्शन में भी हिस्सा लेंगी। प्रख्यात लेखिका महाश्वेता देवी ने भी इस मामले को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा है कि ऐसी हरकतों से राज्य की छवि को नुकसान पहुंचता है।