गोवा के एक अस्पताल में लड़की को धमकी देने के आरोपी पॉप सिंगर रेमो फर्नांडीज ने भारतीय नागरिकता छोड़ अब पुर्तगाली नागरिकता ग्रहण कर ली है।
पुलिस ने बताया कि इसलिए उन्हें पुर्तगाली दूतावास के जरिये जांच अधिकारी के समक्ष पेश होने को समन जारी किया गया है। 62 वर्षीय सिंगर पर गोवा मेडिकल कॉलेज एवं हास्पिटल में
अपना इलाज करा रही एक नाबालिग लड़की को धमकाने का आरोप है। लड़की को रेमो के बेटे जोनाह ने कार चलाने के दौरान टक्कर मार दी थी, इसके बाद वह अस्पताल में इलाज कराने आई थी।
इंस्पेक्टर जिव्दा डाल्वी ने बताया कि रेमो को बुधवार को शाम चार बजे और उनके बेटे को बुधवार सुबह 10 बजे जांच अधिकारी के समक्ष पेश होने को कहा गया है।
इससे पहले रेमो को सोमवार को पेश होने को कहा गया था, लेकिन वह पेश नहीं हुए। रेमो गोवा में रहते हैं लेकिन इस समय यूरोप की यात्रा पर हैं, उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए आरोप को निराधार बताया।