गुजरात ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुझावों पर अमल करते हुए राज्य के सभी थानों की बिल्डिंगों पर राज्य पुलिस का झंडा फहराना अनिवार्य कर दिया है। नए निर्देश में इसके साथ ही थाने पर फोन कॉल आने पर पुलिस कर्मियों को नागरिकों से पहले जय हिंद कह कर अभिवादन करना होगा।
मालूम हो कि इसी महीने हाल में ही कच्छ में प्रधानमंत्री ने देश भर के पुलिस महानिदेशकों और महानिरीक्षकों के सम्मेलन में इस आशय का सुझाव दिया था।
इस संदर्भ में गुजरात के डीजीपी पीसी ठाकुर ने सभी पुलिस आयुक्तों, पुलिस अधीक्षकों औ महानिरीक्षकों को बुधवार को निर्देश जारी किए हैं। शासकीय सूचना में इस बात का भी जिक्र किया गया है कि यह सुझाव हाल में ही 18 से 20 दिसंबर के बीच चले पुलिस कांफ्रेंस में प्रधानमंत्री की ओर से दिया गया था।