फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपीः खाकी पर जुल्म सपा नेता ने पीटा, बदमाशों ने किया अधमरा

विज्ञापन
विज्ञापन
यूपी में चौपट होती कानून व्यवस्था का भगवान ही मालिक है। यहां गुंडे-बदमाश तो हावी हैं ही सपाइयों के भी सितम कम नहीं हैं। इस बदहाल व्यवस्था का खामियाजा अभी तक आम जनता ही भुगतती थी लेकिन अब दूसरों की पहरेदार खाकी को भी अपनी जान के लाले पड़ रहे हैं। बिजनौर में जहां सपा नेताओं ने बाइक सीज करने की छोटी घटना पर सिपाही को लोहे की रॉड से जमकर पीटा वहीं ललितपुर के पाली में बदमाशों ने हैड कांस्टेबिल को पीट पीटकर मरणासन्न कर दिया।
विज्ञापन


पहली घटना में बिजनौर की आबकारी पुलिस चौकी पर तैनात दीपक बृहस्पतिवार को दरोगा अता मोहम्मद के  साथ मुख्य डाकघर चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहा था। इस दौरान एक बाइक पर सवार होकर आए चार युवकों को पुलिस ने रोक लिया और उनकी बाइक सीज कर दी। युवकों ने यह बात सपा  युवजन सभा के पूर्व जिला सचिव अखलाक उर्फ पप्पू को बताई। अखलाक उर्फ पप्पू मौके पर पहुंच गए। दरोगा अता मोहम्मद चले गए थे। सपा नेता सिपाही दीपक से भिड़ गए और सीज बाइक को छोड़ने के लिए दबाव डालने लगे।

सिपाही के मुताबिक इस दौरान सपा मजदूर सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष  महमूद कस्सार, नगर पालिका बिजनौर के नामित सदस्य वसीम अपने तीन अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे और उसको चारों ओर से घेर लिया। अखलाक उर्फ पप्पू ने सिपाही के साथ चौराहे पर गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। लोहे की रॉड से पीटने के बाद सिपाही पर चाकू से हमला करके उसे घायल कर दिया।
विज्ञापन


घटना के दौरान एक दरोगा वहां पहुंचे भी, लेकिन उन्होंने भी सपा नेताओं को कुछ नहीं कहा। उसने घटना की सूचना अफसरों तक को नहीं दी। सपा नेता सिपाही को धमकी देते हुए वहां से चले गए। अखलाक उर्फ  पप्पू एसपी सतेंद्र कुमार के पास पहुंचे और सिपाही दीपक की शिकायत करने लगे। सपा नेताओं के हाथों पिटा सिपाही दीपक भी एसपी के पास गया तथा पूरी घटना बताकर कार्रवाई करने की मांग की। सिपाही से मारपीट की सूचना पर साथियों को गुस्सा आ गया।

अखलाक उर्फ पप्पू समेत सभी सपा नेता पूर्व जिलाध्यक्ष राशिद हुसैन के करीबी हैं। सपा सरकार बनने पर बिजनौर कोतवाली में पुलिस पर हुए हमले में भी अखलाक नामजद रहा था। सिपाही की ओर से सपा नेता अखलाक उर्फ  पप्पू, महमूद कस्सार, वसीम समेत छह के  खिलाफ धारा 147, 148, 353, 333, 506, 307 के अलावा 7 क्रिमनल ला अमेडमेंट एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। सीओ सिटी शैलेंद्र लाल के मुताबिक आरोपी सपा नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। सिपाही पर हमला करने वालों को बक्शा नहीं जाएगा।
विज्ञापन

बदमाशों ने हेड कांस्टेबल को किया मरणासन्न

ललितपुर जिले के पाली कस्बे में नशे में धुत बदमाशों ने गश्त पिकेट पर गए हेड कांस्टेबल पर लाठियों से हमला कर उसे मरणासन्न कर दिया। बीच बचाव करने पर एक अन्य सिपाही को भी पीट कर घायल कर दिया। थाना पाली में तैनात हेड कांस्टेबल रामप्रसाद यादव बुधवार की रात साढ़े आठ बजे बस स्टैंड स्थित गुल्लू चौरसिया की दुकान के निकट गश्त पिकेट पर थे, इसी दौरान नशे में धुत्त सुंदर कबूतरा एवं हरीशंकर कबूतरा वहां आकर गालियां देने लगे।

मना करने पर दोनों ने राम प्रसाद यादव पर लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे हेडकांस्टेबल नीचे गिरकर बेहोश हो गया तथा उसके सिर से खून बहने लगा। साथ में मौजूद सिपाही राकेश यादव ने हमलावरों को रोका तो उसके साथ भी मारपीट की गई। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर थाने पहुंचे पुलिस कर्मियों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।

थानाध्यक्ष राकेश कुमार दल बल सहित मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे। पुलिस ने रामप्रसाद की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालकर जानलेवा हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें