अब टेलीविजन के जरिए दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले छात्र जल्द ही सुशासन, स्वास्थ्य, मनोरंजन और व्यापार समेत विविध विषयों की जानकारी ले सकेंगे।
सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग (सी-डैक) संस्था ने पुणे यूनिवर्सिटी के एजुकेशनल मीडिया रिसर्च सेंटर की मदद से एक ऐसा सॉफ्टवेयर तैयार किया है, जिससे लोग अपने सेट टॉप बॉक्स के माध्यम से टीवी पर अपने मनपसंद विषयों की पढ़ाई कर सकेंगे।
केंद्र सरकार के प्रमुख अनुसंधान एवं विकास संगठन के प्रवक्ता ने बताया कि मौजूदा समय में ज्यादातर ई-लर्निंग कार्यक्त्रस्म एकतरफा हैं। मगर यह सॉफ्टवेयर दोतरफा संवाद करने में भी सक्षम है। इसका इस्तेमाल करने वाले लोग प्रश्नोत्तरी और दूसरे कार्यक्त्रस्मों के जरिये इससे सीधे तौर पर जुड़ सकते हैं।
यह सॉफ्टवेयर दूरस्थ शिक्षा ग्रहण करने वाले छात्रों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा। फिलहाल नए सॉफ्टवेयर में अस्सी ई-लर्निंग कोर्स मुहैया कराए गए हैं। यह सॉफ्टवेयर 11 अप्रैल को सीडैक के 26वें स्थापना दिवस के मौके पर लांच किया गया। सीडैक ने एक दूसरा सॉफ्टवेयर भी विकसित किया है जो नेटवर्क प्रबंधन से संबंधित है।
यह कंप्यूटर यूजर्स की असामान्य गतिविधियों का पता लगा सकेगा और इसमें लिप्त रहने वाले यूजर्स के खिलाफ कदम भी उठा सकेगा। इसके अलावा संस्था ने इंसान के खून की जांच करने वाला एक उपकरण भी विकसित किया है। जिससे खून की जांच में तेजी तो आएगी ही, साथ ही इस पर लागत भी कम आएगी। सी-डैक संचार एवं सूचना मंत्रालय के तहत काम करती है।