पश्चिमी उत्तर प्रदेश के छह जिलों में फैले दंगों को देखते हुए केंद्र ने अखिलेश यादव सरकार को पूरे राज्य में सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। केंद्र ने यह भी कहा है कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करे कि दंगे राज्य के और इलाकों तक न फैले।
मंगलवार को एक एडवाइजरी जारी कर गृह मंत्रालय ने कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार को राज्य के सभी संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करना चाहिए ताकि और दंगे भड़कने की कोई गुंजाइश नहीं रहे।
सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार को अतिरिक्त सतर्कता बरतने और किसी भी किस्म की छिटपुट घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटने को कहा गया है।
मंत्रालय ने यूपी सरकार को सुरक्षा के मद्देनजर गिरफ्तारियां करने को कहा है साथ ही जहां जरूरी हो एहतियाती और कड़े कदम उठाने के निर्देश भी दिए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों को छोटी सी छोटी घटना होने पर भी मौके पर पहुंचने और हालात को बेहद संवेदनशीलता के साथ नियंत्रित करने को कहा गया है। जिससे सामाजिक ढांचे को कोई नुकसान न पहुंचे।
मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मुजफ्फरनगर में हुए सांप्रदायिक दंगों में मारे गए लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है।
यह राशि प्रधानमंत्री राहत कोष से दी जाएगी। प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी बयान के मुताबिक प्रधानमंत्री ने घटना पर गहरा दुख जताया है।