नया साल अभी कुछ दूर है, लेकिन खुशखबर आ गई है। देश में रोजगार से जुड़ी दिक्कतों के बीच यह खबर न्यू ईयर के बड़े तोहफे से कम नहीं है।
देश की दूसरी सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर सर्विसेज कंपनी इंफोसिस अगले साल 16 हजार इंजीनियर की भर्ती करेगी। कंपनी के चेयरमैन एनआर नारायण मूर्ति ने यह जानकारी दी है।
मूर्ति ने एक इवेंट में कहा, "हमने अगले साल के लिए भर्ती से जुड़ी प्रक्रिया शुरू कर दी है। हम अगले साल 15-16 हजार इंजीनियर की नियुक्ति करेगी और इसके लिए कोशिश शुरू हो चुकी है।"
अमेरिका और यूरोपीय बाजारों में आउटसोर्सिंग सेवाओं के लिए बढ़ती डिमांड की वजह से अगले कुछ साल में भर्तियां पहले से बेहतर होंगी। 108 अरब डॉलर के भारतीय आईटी सेक्टर को 80 फीसदी से ज्यादा कमाई इन्हीं बाजार से आती है।
इस मौके पर मूर्ति ने कहा कि देश को विकास की दिशा में निर्णायक कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने कहा, "हिंदुस्तान में बोला ज्यादा जाता है, जबकि काम कम होता है। बार-बार मेरा भारत महान कहने से कोई मदद नहीं मिलेगी। अगर आपको जीतना है, तो रेस सबसे पहले खत्म करना भी सीखना होगा।"
उन्होंने कहा, "जब तक सरकार देश में कारोबार को बढ़ाने में मदद देगी, ज्यादा से ज्यादा टैक्स वसूलेगी, उन्हें खर्च करने में समझदारी दिखाएगी, तो मुझे लगता है कि इससे भरोसा लौटेगा। और केंद्र में तब कोई भी सरकार हो, लोग खुश रहेंगे और हम बेहतर मुल्क बनेंगे।"