छत्तीसगढ़ के ‘लालकिले’ से कांग्रेस और यूपीए सरकार पर गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की दहाड़ संसद तक पहुंची। दरअसल, लालकिले के प्रतिकृति से मोदी के तीरों को थामने के लिए कांग्रेस ने पलटवार किया तो संसद में बसपा सुप्रीमो मायावती और राजद प्रमुख लालू यादव ने भी निशाना साधा।
मोदी ने छत्तीसगढ़ के सरगुजा से कहा है कि कांग्रेस जिस पर भी हाथ रखती है, वह बिखर जाता है। सोना तक मिट्टी हो जाता है।
मोदी के हमले को थामते हुए कांग्रेस ने कहा है कि जनता लोकसभा ही नहीं बल्कि उससे पहले छत्तीसगढ़ समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में बता देगी कि किसके हाथ से मिट्टी सोना हो जाता है और किसके हाथ से सोना मिट्टी।
कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि असली लालकिले से भाषण देने का मोदी का सपना जनता कभी पूरा नहीं होने देगी।
वहीं मायावती ने कहा कि मोदी को पता है कि उनका असली लालकिले से भाषण देने का सपना कभी पूरा नहीं होगा। इसलिए नकली लालकिले से ही भाषण देकर अपना सपना पूरा कर रहे हैं।
उधर लालू यादव ने कहा कि अच्छी बात है कि मोदी ने नकली लालकिले से भाषण दिया। ऐसा करने से उनकी इच्छा पूरी हो गई है।