उत्तरी गुजरात के वीजापुर तालुक में कोल्ड स्टोरेज फैक्ट्री में अमोनिया गैस के रिसाव से सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक महिला भी शामिल है।
अग्निशमन विभाग द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक राणासन स्थित जीआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक कोल्ड स्टोरेज फैक्ट्री में सात लोग फंस गए थे। इसके बाद फैक्ट्री में अमोनिया गैस सप्लाई करने वाली पाइपलाइन में हुए लीकेज के कारण उनकी दम घुटने से मौत हो गई।
राणासन पुलिस के मुताबिक सभी मृतक वीजापुर तालुक के पिल्वई गांव के रहने वाले थे। गैस लीकेज के कारणों की जांच की जा रही है।
बताया जाता है कि बचाव कर्मियों ने फैक्ट्री की छत काटकर अंदर प्रवेश किया।
इस सारे ऑपरेशन में मनसा, मेहसाणा और वीजापुर की तीन फायर बिग्रेड टीमों ने अंजाम दिया। इसके अलावा ओएनजीसी और पुलिसकर्मी भी इस ऑपरेशन में शामिल थे।