अब आप सब्सिडी वाले 12 घरेलू एलपीजी सिलेंडर साल में कभी भी ले सकेंगे। मोदी सरकार ने महीने में सिर्फ एक रियायती सिलेंडर मिलने की बाध्यता को खत्म कर दिया है।
बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में उपभोक्ताओं को यह राहत देने का फैसला लिया गया। अब महीने में एक सिलेंडर खत्म होने से पहले भी दूसरा सिलेंडर मिल सकेगा।
फैसले की जानकारी देते हुए टेलीकॉम और कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बताया कि कैबिनेट इस नतीजे पर पहुंची की महीने में सिर्फ एक रियायती सिलेंडर देने की व्यवस्था से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
त्योहार या विशेष अवसरों पर लोगों को एक से ज्यादा सिलेंडर की जरूरत पड़ती है। इसलिए मंत्रिमंडल ने महीने में एक सिलेंडर देने की बाध्यता को खत्म करने का फैसला किया है।