दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के चुनावी महाकुंभ में आईटी जगत भी रंग गया है। चुनाव प्रचार के लिए काफी कुछ साधन देने के बाद आजकल आईटी गैजेट्स और सॉफ्टवेयर में भी नेताओं की डिमांड है।
चुनावी बिसात के साथ ही खास तौर में नेताओं के रंग-ढंग पर आधारित सॉफ्टवेयर व गैजेट्स बनाए गए हैं, जिनकी जोरदार मांग है। आईटी मार्केट नेहरू प्लेस में मोदी, अरविंद केजरीवाल से लेकर राहुल गांधी के नाम की धूम है।
ऑल इंडिया कंप्यूटर ट्रेडर्स एसोसिएशन व दिल्ली कंप्यूटर ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहिंद्र अग्रवाल के मुताबिक लोकसभा चुनावों के रंग में आईटी जगत भी रंग चुका है। ऐसे सॉफ्टवेयर व गैजेट्स सबसे अधिक पसंद किए जा रहे हैं, जोकि नेताओं के नाम पर आधारित हों। इस तरह की डिमांड पहली बार आई है, जिसका अच्छा रिस्पांस मिल रहा है।
मोदी कुंडली सॉफ्टवेयर आया
बीजेपी की ओर से प्रधानमंत्री पद के लिए जब नरेंद्र मोदी केनाम की घोषणा हुई तो देशभर में मोदी की कुंडली खंगाली जाने लगी कि वे देश की सत्ता संभाल पाएंगे कि नहीं। विरोधियों समेत जनता भी मोदी की कुंडली जानने में इच्छुक थी।
इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए मार्केट में मोदी कुंडली सॉफ्टवेयर ईजाद हुआ। इसी सॉफ्टवेयर की मदद से जन्म से लेकर शादी की कुंडलियों का मिलान करवाया जाता है। इस मोदी कुंडली सॉफ्टवेयर की कीमत दस हजार रुपये है।
केजरी सिखाएंगे अंग्रेजी
रामलीला मैदान में अन्ना हजारे के साथ देशवासियों समेत दुनिया को जन लोकपाल बिल की जरूरत व उपयोगिता समझाने वाले अरविंद केजरीवाल ने जिस शान से झाडू़ थामते हुए दिल्लीवासियों को बिजली व पानी के लिए जागरूक किया। उसी तर्ज पर अब वे अंग्रेजी बोलना सिखाएंगे।
मार्केट में केजरी इंग्लिश स्पीकिंग सॉफ्टवेयर आया है, जोकि तीन हजार रुपये का है। इसका काम सॉफ्टवेयर से सीडी में इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स को कंवर्ट करना होता है।
मोबाइल कवर में भी नेता
मार्केट में ग्रांड मोबाइल के कवर मोदी के नाम से बिक रहे हैं। दुकानदारों के मुताबिक, पिछले एक हफ्ते में लगभग तीन हजार से अधिक कवर बिक चुके हैं, जोकि ढाई सौ रुपये का है।
चुनावी सीजन में आईटी जगत के गैजेट्स व सॉफ्टवेयर पर नेताओं के नाम की धूम, एशिया की सबसे बड़ी आईटी मार्केट नेहरू प्लेस में नेताओं के नाम की डिमांड बढ़ी है।
पजल में राहुल का जादू
युवाओं के चहेते राहुल गांधी पर आधारित गेम्स सॉफ्टवेयर सबको भा रहा है। युवाओं को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट फोन से लेकर कंप्यूटर पर खेले जाने वाले गेम्स में राहुल गांधी छाए हुए हैं। आकर्षक पैकेज के साथ एक गेम्स की कीमत हजार रुपये से शुरू होती है।
इसमें अधिकतर गेम्स पजल (कंफ्यूजन) पर आधारित हैं। इसके अलावा भोजपुरी गानों की सीडी भी नेहरू प्लेस में छायी हुई है, जिसका टाइटल आम आदमी के होली है। इसमें केजरीवाल झाडू़ लेकेय गाना सबसे अधिक हिट हो रहा है।