कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर गुजरात के बिजनेस ग्रुप अडानी के बहाने नरेंद्र मोदी पर करारा हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि मोदी ने वडोदरा के बराबर की जमीन कौड़ियों के भाव एक बिजनेस समूह को सौंप दी। जिसका करोबार 10 साल पहले 3 हजार करोड़ था और अब बढ़कर 40 हजार करोड़ रुपये का हो गया है।
एक निजी न्यूज चैनल को दिए गए इंटरव्यू के दौरान कांग्रेस उपाध्यक्ष ने किसी बिजनेस ग्रुप का नाम नहीं लिया लेकिन हाल ही चुनावी रैलियों में वह अडानी ग्रुप को लेकर भाजपा के पीएम उम्मीदवार पर हमला बोलते रहे हैं। उन्होंने पीएम बनने और शादी करने पर अपने विचार खुलकर रखे।
मोदी की मानसिकता देश के लिए घातक: राहुल
राहुल ने अपने इंटरव्यू में कहा कि वडोदरा के बराबर की जमीन बिजनेस ग्रुप को सौंप दी गई। इस जमीन की कीमत 300 करोड़ रुपए थी।
उन्होंने कहा कि वडोदरा का एरिया 149 स्क्वॉयर किमी और मुंबई कोस्टलाइन 167 किमी लंबी है। गुजरात जब विकसित हुआ तो वह अपने लघु उद्योगों जैसे अमूल के कारण और यही इसकी ताकत है।
उन्होंने कहा कि आप जो अब गुजरात मॉडल देख रहे हैं, वह आर्थिक मॉडल है, जिसमें राज्य की संपत्ति दो चार लोगों को सौंप दी गई है। यह मानसिकता देश के लिए घातक है। वह ऐसी मानसिकता के खिलाफ लड़ते रहेंगे।
'जब अच्छी लड़की मिल जाएगी तो कर लूंगा शादी'
प्रधानमंत्री बनने के सवाल पर राहुल ने कहा कि वह इस जिम्मेदारी से भागेंगे नहीं। चुनाव से पहले पीएम पद के उम्मीदवार की घोषणा करना असंवैधानिक है। अगर उनकी पार्टी के सांसद उन्हें इस पद के लिए चुनते हैं तो वह यह जिम्मेदारी निभाएंगे।
कांग्रेस उपाध्यक्ष से जब हलफनामे में शादीशुदा के कॉलम कब भरा नजर आएगा संबंधी जवाब किया गया तो राहुल ने मुस्कुराते हुए कहा कि जब कोई अच्छी लड़की मिल जाएगी तो शादी कर लूंगा।
उन्होंने कहा कि व्यस्तता की वजह से खुद के लिए वक्त नहीं मिल पाता है। अभी बहुत काम करने हैं। लोकसभा चुनाव में जीत पर कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि 10 साल से हमारी सरकार है, ऐसे में थोड़ा बहुत सरकार विरोधी रुझान होना स्वाभाविक है लेकिन केंद्र में यूपीए तीसरी बार सरकार बनाएगी।