सरकार ने बुधवार को कार्यकाल समाप्त होने से महज दो माह पहले मिजोरम की राज्यपाल कमला बेनीवाल को उनके पद से बर्खास्त कर दिया। बेनीवाल को पिछले महीने की छह तारीख को गुजरात से स्थानांतरित कर मिजोरम भेजा गया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहते वक्त बेनीवाल वहां की राज्यपाल थीं और माना जाता है कि दोनों के संबंध मधुर नहीं थे।
अहमदाबाद से आइजॉल भेजे जाने के ठीक एक माह बाद राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी एक बयान में बेनीवाल को मिजोरम के राज्यपाल पद से हटाने की बात कही गई है।
मणिपुर के राज्यपाल वीके मुद्गल को मिजोरम के राज्यपाल का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।