मराठी थियेटर और फिल्म अभिनेत्री सुप्रिया पठारे ने एक चौकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया है कि उन्हें एक फिल्म निर्माता ने फिल्म की शूटिंग के दौरान बंधक बना लिया था। इस फिल्म की शूटिंग राजस्थान में हो रही थी। पठारे ने बताया कि उन्हें शिवसेना प्रमुख बाला साहब ठाकरे के हस्तक्षेप के बाद ही छुडाया जा सका इसलिए वो इस अहसान को जिंदगी भर नहीं भूल पाएंगी।
महिला सुरक्षा परिसंवाद के मौके पर बोलते हुए इस मराठी अभिनेत्री ने बताया कि राजस्थान में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान उनके साथ किस तरह से धोखा किया गया था। उन्होंने बताया कि उनकी फिल्म के निर्माता ने उन्हें प्रताड़ित किया था। हालांकि उन्होंने फिल्म निर्माता का नाम उजागर नहीं किया।
उन्होंने बताया कि वो शूटिंग पर अकेली थीं और अगले तीन महीने तक उनके फिल्म निर्माता ने उन्हें गन प्वाइंट पर बंधक बनाए रखा। पठारे ने बताया कि वो निर्माता की बंधक बन कर रह गईं थी और उन्हें सिर्फ अपने परिजनों से लैंड लाइन फोन पर ही बात करने की इजाजत थी।