आपने कुत्ते के काटने या फिर सांप के काटने से आदमी को मरते सुना होगा, लेकिन शुक्रवार की घटना आपको हैरत में डाल सकती है।
जी हां, तमिलनाडु के जोल्लारपेट रेलवे यार्ड में कुछ ऐसी ही अजीबोगरीब घटना सामने आई है। हुआ यूं कि एक युवक के काटने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई है। आरोपी युवक के मानसिक रूप से विकलांग होने की आशंका जताई जा रही है।
राजकीय रेलवे पुलिस के मुताबिक जोल्लारपेट रेलवे यार्ड के पास रुकी हुई पैसेंजर ट्रेन से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। उसके पूरे शरीर में युवक के काटने के निशान हैं।
पुलिस का कहना है कि गांव के एक प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि आरोपी युवक ने मृतक को ट्रेन की कोच में काटा था। स्थानीय लोगों ने हमलावर युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है।
हालांकि मृतक व्यक्ति की अभी तक पहचान नहीं की जा सकी है। वहीं, पुलिस आरोपी युवक के मानसिक रूप से विकलांग होने की आशंका जाहिर कर रही है। साथ ही पुलिस मामले की जांच कर रही है।