चारा घोटाले के गुनाह में चुनाव लड़ने से बेदखल राजद मुखिया लालू प्रसाद यादव अपने दोनों बेटों को मंत्री बनाकर सत्ता का स्वाद चखा चुके हैं। अपनी बीवी और बेटी को राज्यसभा भेजकर लालू उन्हें भी सत्ता में गलियारों से रूबरू कराने के तैयारी में हैं।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, लालू प्रसाद यादव अपने परिजनों को राजनीति में आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम करते हुए पत्नी राबड़ी देवी और बड़ी बेटी मीसा भारती को राज्यसभा में भेज सकते हैं। राज्यसभा का चुनाव अगले वर्ष प्रस्तावित है। अगले वर्ष जुलाई में जनता दल यूनाटेड के पांच राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। राजद के सूत्रों का कहना है कि पार्टी की ओर से राबड़ी देवी और मीसा भारती का उम्मीदवार होना तय है।
बिहार विधानसभा में राजद के 80 विधायक हैं। राबड़ी और मीसा की जीत सुनिश्चित कराने के लिए उन्हें दो विधायकों की आवश्यकता और पड़ेगी। बिहार कोटे से राज्यसभा का सदस्य बनने के लिए एक उम्मीदवार को 41 वोटों की आवश्यकता होती है।