बिहार चुनावों में महागठबंधन को मिली भारी जीत की गूंज संसद के शीतकालीन सत्र में भी सुनाई देने की संभावना है। जनता दल यूनाइटेड की ओर से ऐसे संकेत दिए जा रहे हैं कि जिस जीएसटी विधेयक को पार्टी ने शुरू में समर्थन दिया था, अब वह उस मुद्दे पर व्यापक विपक्षी एकता के साथ खड़ी हो सकती है।
बिहार में राजग की करारी हार के बाद विपक्षी दलों के उत्साह के बीच, जदयू के वरिष्ठ नेताओं ने कहा है कि वे अन्य दलों के साथ विचार-विमर्श करने के बाद ही इस बारे में अंतिम फैसला करेंगे। जदयू के एक सांसद ने कहा, ‘अब परिस्थितियां नई हैं। हम अन्य विपक्षी दलों के साथ विचार विमर्श करने के बाद फैसला लेंगे।’