इस्लामिक स्टेट कमिंग सून ... फुलट्टी बाजार में एक प्याऊ की दीवार पर यह नारा लिखा देख सनसनी फैल गई। पता चलते ही पुलिस हरकत में आई और इसे तुरंत साफ करा दिया। खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हो गईं।
बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल यही माना जा रहा है कि यह किसी सिरफिरे की खुराफात है, लेकिन जांच पड़ताल बेहद गंभीरता के साथ की जा रही है।
कोतवाली में फुलट्टी के घने बाजार में बरसों पुराना प्याऊ है। इसका इस्तेमाल आसपास के दुकानदारों के साथ इलाके के लोग भी करते हैं। प्याऊ की साइड की दीवार पर आईएस कमिंग सून दो बार लिखा हुआ था।
किसी ने कोयले से इसे लिखा था। दुनिया के सबसे खूंखार आतंकी संगठन आईएस का नाम लिखा देख दुकानदार खौफ में आ गए।