केंद्रीय गृह मंत्रालय की ताजा तरीन पोस्ट से इस बात का खुलासा हुआ है कि वर्ष 2005 में मोहाली, बंगलूरू, दिल्ली और कानपुर से लापता हुए 56 पाकिस्तानी क्रिकेट प्रेमी नहीं बल्कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के एजेंट थे।
ये सभी क्रिकेट प्रेमी बनकर भारत- पाक क्रिकेट सीरीज देखने के बहाने देश में दाखिल हुए थे और आज तक वापस अपने मुल्क नहीं लौटे हैं। पिछले नौ सालों से खुफिया और सुरक्षा एजेंसियां इन्हें लगातार खोज रही हैं। पिछले दिनों पकड़े गए कुछ आईएसआई एजेंटों से पूछताछ के बाद एजेंसियों को ये पता चला है कि लापता पाकिस्तानी आईएसआई के फुल टाइम एजेंट थे और वेस्ट यूपी में पाक एजेंसी का नेटवर्क खड़ा कर चुके हैं।
केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से 26 अगस्त 2014 को जारी सर्कुलर में वेस्ट यूपी की सभी आईबी यूनिट और दूसरी खुफिया एजेंसियों के साथ ही उत्तर प्रदेश के गृह सचिव को भी एलर्ट किया गया है। इस सर्कुलर में कहा गया है कि वर्ष 2005 में मोहाली से लापता 11, बंगलूरू से गायब 18 और दिल्ली व कानपुर से गायब हुए 27 पाकिस्तानियों के वेस्ट यूपी में जड़ें जमा लेने की सूचनाएं केंद्रीय एजेंसियों को मिली हैं।
पहचान पत्र बनवाकर छुपे हैं लापता आतंकी
ब्यूरो ऑफ इमीग्रेशन और रॉ से मिले इनपुट के हवाले से जारी सर्कुलर में इस बात की भी आशंका जताई गई है कि पिछले नौ वर्षों में ये सभी लापता 56 पाकिस्तानी हिंदुस्तानी आईडी लेकर आबादी में घुलमिल गए हैं। इनके पास भारतीय वोटर आई कार्ड और दूसरे पहचान पत्र भी होने की पूरी संभावना है, लिहाजा इन्हें सर्च करते वक्त अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए।
गृह मंत्रालय ने अपने सर्कुलर में लापता सभी पाकिस्तानियों नाम, उनकी उम्र, पासपोर्ट और वीजा नंबर व इनके वीजा एक्सपायर होने की तारीख भी अंकित की है। इस पोस्ट पर गौर करें तो गायब होने की तारीख में सभी 56 पाकिस्तानियों में से किसी की भी उम्र 40 वर्ष से ज्यादा नहीं थी और इनमें से ज्यादातर तो 25 से 35 के बीच के थे। इनके पास 14 मार्च 2005 तक का वीजा था।
दिल्ली कानपुर से ये हुए थे गायब
मुहम्मद शमी, उस्मान, शमशाद, इम्तियाज, रिजवान अली, नावेद अब्बास, हामिद उल्ला खान, खुर्रम शहजाद अली, सैय्यद महमूद, मोहम्मद नूर, मोहम्मद ताहिर शाह, मुहम्मद यासीन रजा, जुल्फिकार अहमद, हजरत गुल खान, बरकम उल्ला जान, शौकत अली, मोहम्मद इकराम, मोहम्मद कैसर, अदनान कुरैशी, तनवीर कुरैशी, मोहम्मद इकबाल, मोहम्मद तैय्यब, सैय्यद शहबाज रियाज, अब्दुल शमद, नदीम इकबाल।