नेपाल में भूकंप से हुई तबाही के बाद भारत की ओर से चलाए जा रहे राहत व बचाव अभियान को लेकर रविवार शाम को भारत सरकार के गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी। विदेश सचिव एस जय शंकर ने बताया कि भारत सरकार की ओर से नेपाल को लगातार राहत पहुंचाई जा रही है।
सरकार की ओर से बताया गया कि नेपाल में आए भूकंप से कितने भारतीयों की मौत हुई इसका अभी सरकार के पास कोई आंकड़ा नहीं है। उन्होंने बताया कि रेसक्यू ऑपरेशन में वायु सेना के 13 विमान मदद के लिए भेजे गए हैं। एनडीआरएफ की 10 टीमें नेपाल भेजी गई। सात टीमें कल ही भेज दी गई थी। भारतीयों को लाने की कोशिश जारी है। पांच विमानों से रेसक्यू ऑपरेशन जारी है।
कुछ विमानों को राहत के लिए तैयार रखा गया है। 237 लोगों को लेकर वायु सेना का विमान रविवार शाम को दिल्ली पहुंचा है। 35 लोगों को भी बस द्वारा सड़क मार्ग से लाया जा रहा है। सेना का एयर ऑपरेशन शुरू हो चुका है।
खराब मौसम के कारण रेसक्यू में दिक्कतें आ रही हैं। मेडिकल टीमें भी काठमांडू के लिए भेजी गई हैं। कल विमान से 546 लोगों को नेपाल से रेसक्यू कर भारत लाया गया। अब तक कुल 783 लोगों को विमान से लाया जा चुका है। वहीं एयर इंडिया ने टिकट दरों को सस्ता कर दिया है। सरकार की प्रथमिकता लोगों को राहत व उनका बचाव करना है। भारत सरकार ने इस प्राकृतिक आपदा में मरने वालों के लिए 6 लाख मुआवजा देने की घोषणा की है।
बता दें कि शनिवार को नेपाल में आए विनायशकारी भूकंप से अब तक 2200 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं भूकंप से भारत में 62 लोगों की मौत हो गई।