मेरठ में बुढ़ाना गेट पुलिस चौकी के पास शनिवार शाम हाईड्रोजन गैस से भरा सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। हादसे में गुब्बारे बेचने वाले की मौत हो गई। तीन लोग घायल हो गए। कई दुकानों के शटर और शीशे टूट गए। विस्फोट से इलाके में अफरातफरी मच गई।
शाहपीर गेट निवासी मुरसलीन पुत्र तहसीम गुब्बारों में गैस भरने का काम करता था। शनिवार को वह साइकिल पर हाईड्रोजन गैस का सिलेंडर रखकर गुब्बारे बेचने निकला। शाम करीब 5:15 बजे बुढ़ाना गेट पुलिस चौकी के पीछे मोहल्ला स्वामीपाड़ा में पहुंचा। जब वह गैस से गुब्बारे फुला रहा था, तो इसी बीच तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। साइकिल के परखच्चे उड़ गए, जबकि मुरसलीन का शरीर दो भागों में बंट गया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि पास में ही सागर मेडिकल स्टोर, शर्मा कंफेक्शनरी, शिवा गारमेंन्ट, जवाहर बुक स्टोर और अन्य कई दुकानों के शीशे टूट गए। दो दुकानों के शटर भी क्षतिग्रस्त हो गए। दो दुकानदार और एक ग्राहक कांच लगने से जख्मी हो गए।
एसपी सिटी ओमप्रकाश, इंस्पेक्टर कोतवाली अजय अग्रवाल मौके पर पहुंचे। मुरसलीन को मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जैसे ही मौत की जानकारी मुरसलीन के परिजनों को मिली, तो कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन मेडिकल कालेज पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसपी सिटी ओमप्रकाश का कहना है कि अभी तक जांच में यही पता चला है कि गुब्बारे भरने वाली गैस का सिलेंडर फटने से हादसा हुआ है।