समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव को 'बुड्ढा' कहना सांसद दंपति को महंगा पड़ गया। पार्टी ने सांसद का टिकट छीन लिया और पति-पत्नी को बाहर का रास्ता दिखा दिया।
सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने शुक्रवार को सारिका सिंह बघेल और उनके पति देवेंद्र सिंह बघेल को पार्टी से निष्काषित करने की घोषणा की।
सारिका हाथरस से लोकसभा सांसद हैं और उन्हें आगरा से लोकसभा का टिकट दिया गया था।
रामगोपाल यादव ने बताया कि आगरा से बघेल का टिकट काटकर महाराज सिंह धनगर को दिया गया है। आगरा में एक मामले में देवेंद्र सिंह बघेल ने एसपी यातायात से बातचीत में मुलायम सिंह यादव को 'बुड्ढा' कह दिया था।
सारिका के पति है देवेंद्र सिंह बघेल की
रिपोर्टों के मुताबिक, सारिका के पति देवेंद्र सिंह बघेल की ऑटो रिक्शा पर लगी रोक को लेकर एसपी यातायात से बहस हो गई। बहस में ही उन्हें मुलायम सिंह यादव के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर दिया।
ये बहस रिकॉर्ड हो गई थी, जिसकी क्लिपिंग समाजवादी पार्टी के मुख्यालय भेज दी गई, जिसके बाद पार्टी ने देवेंद्र और उनकी पत्नी के खिलाफ कार्रवाई की।
एसपी से बहस में देवेंद्र मुलायम का जिक्र करते हुए कहा,' अगर बुड्ढे को प्रधानमंत्री बनाना है तो चलवा दो, वरना मट्टी खराब हो जाएगी तुम्हारी।'
बघेल के खिलाफ पहले हुईं शिकायतें
बघेल के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें हुईं थीं। पिछले छह महीने में दबंगई के कारण वे कई बार चर्चा में आए। उन पर जमीन और मकान कब्जा करने और पुलिस पर दबाव बनाकर काननू व्यवस्था को प्रभावित करने का आरोप भी लगा था।
लेकिन सपा सुप्रीमो को 'बुड्ढा' कहना उन्हें भारी पड़ गया। रिपोर्टों के मुताबिक, आगरा मे पुलिस ने एमजी रोड पर ऑटोरिक्शा के आवागमन पर रोक लगा दी थी। जिसको लेकर ऑटो यूनियन ने बघेल से शिकायत की थी।
बघेल ने रोक हटाने के लिए यातायात पुलिस संपर्क करने की कोशिश की थी।
बघेल ने दी पुलिस अधिकारियों को धमकी
लेकिन यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को कई बार टेलीफोन करने के बाद भी उनसे संपर्क न हो सका।
जिससे नाराज होकर बघेल एसपी यातायात अशोक त्रिपाठी के कार्यालय पहुंच गए। आरोप है कि पुलिस ने वहां भी बघेल की शिकायत पर गौर नहीं किया। वहां गुस्से में उन्होंने पुलिस अधिकारियों को बर्खास्त कराने के धमकी दी।
पुलिस अधिकारियों ने जब ये समझाने की कोशिश की किया ऑटोरिक्शा के आवागमन पर लगी रोक हटाना गैरकानूनी होगा तो उन्होंने गुस्से में पुलिस वालों से कहा कि बुड्ढे को अगर प्रधानमंत्री बनना है तो हमारी बात सुननी होगी, चाहे गैरकानूनी काम भी करना पड़े।