राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने तमिलनाडु के एक जिले में स्कूली बच्चों को उनके जाति के आधार पर रंगीन रिबन व रिस्ट बैंड पहनने के निर्देश की रिपोर्ट पर राज्य सरकार को नोटिस जारी किया है। मीडिया में आई इस तरह की रिपोर्ट पर आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए दो हफ्ते में पूरे मामले पर रिपोर्ट मांगी है।
आयोग ने बताया कि मीडिया के माध्यम से ऐसी खबर आई है कि तिरुनेल्विल जिले के स्कूलों में विद्यार्थियों से उनके जाति के आधार पर रंगीन रिबन व कलाई में फीता बांधने को कहा गया था। आयोग ने कहा कि यदि यह रिपोर्ट वास्तव में सही है तो यह मानवाधिकार के उल्लंघन का गंभीर मामला है।
रिपोर्ट के आधार पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने तमिलनाडु के सामाजिक कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव और तिरुनेल्विल जिले के कलेक्टर से दो हफ्ते में तथ्यात्मक रिपोर्ट देने को कहा गया है।