उत्तर प्रदेश में बदमाश किसकदर बेखौफ हैं ये कानपुर की घटना से साफ हो जाता है। जहां एक महिला अपने बुजुर्ग पिता और बच्चों के साथ अपने ससुराल से मायके आ रही थी। उन्हें एक बोलेरो में सवार कुछ युवकों ने लिफ्ट दिया।
जैसे ही ये लोग उस गाड़ी में बैठे उसमें सवार युवकों ने विवाहिता को बंधक बनाकर उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी। इतना ही नहीं उन्होंने महिला से बलात्कार की भी कोशिश की।
हालांकि महिला और उसके पिता के विरोध के चलते युवक अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके। नाराज युवकों ने उन्हें चलती गाड़ी से ही नीचे फेंक कर फरार हो गए। जिससे पीड़ित परिवार घायल हो गया।
इधर जैसे ही घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को हुई। उन्होंने प्रदर्शन शुरू कर दिया और स्थानीय पुलिस चौकी को घेर लिया। हालांकि पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया और घायलों को ईलाज के लिए सीएचसी भेजा।
मामला शनिवार शाम का है जब थाना सचेंडी क्षेत्र की एक विवाहिता अपने बुजुर्ग पिता और तीन छोटे-छोटे बच्चों के साथ मायके आने के लिए निकली। इसी दौरान बदमाशों ने इस घटना को अंजाम देने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस मामले में जल्द कार्रवाई की बात कह रही है।