सहारनपुर में प्रेम विवाह को लेकर शनिवार को हुए खूनी संघर्ष में एक बाप-बेटे को गोलियों से भून दिया गया। दोनों की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। इस घटना में दो महिलाओं समेत चार अन्य लोग घायल भी हुए हैं।
पुलिस ने आरोपी युवक और उसके परिजनों को हिरासत में ले लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में एहतियातन पुलिस फोर्स की तैनाती भी की गई है।
मामला नागल थाना क्षेत्र के गांव खटौली का है। जहां रहने वाले सुरेंद्र उर्फ मांगेराम के बेटे मुकुल त्यागी ने करीब 8 महीने पड़ोस में ही रहने वाले सतेंद्र उर्फ पप्पू की बेटी हिमानी से हरियाणा में कोर्ट मैरिज कर ली थी। तभी से दोनों परिवारों में रंजिश चल रही थी। वहीं शादी के कुछ समय बाद ही मुकुल भी गांव में ही आकर रहने लगा था।
बताया जा रहा है कि महिला का भाई सचिन देहरादून में रहता है। वह दो-तीन दिन पहले ही गांव आया था। उसके साथ कुछ और युवक भी गांव में देखे जा रहे थे। आरोप है कि शनिवार शाम पांच बजे सचिन अपने साथी और परिजनों के साथ मुकुल के घर घुस गया और अपनी बहन हिमानी समेत उसके घर में मौजूद लोगों से मारपीट शुरू कर दी।
इधर, घटना के विरोध में मुकुल ने देसी तमंचे से फायरिंग कर दी। जो हिमानी के चचेरे भाई अमित और उसके पिता नाथी राम को लगी। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना से क्षुब्ध सचिन पक्ष ने मुकुल और उसके परिजनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में मुकुल त्यागी, उसकी पत्नी हिमानी, मां सुदेशना, पिता सुरेंद्र उर्फ मांगेराम घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घर की तलाशी ली। जिसमें जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही आरोपी युवक मुकुल और उसके परिजनों को हिरासत में ले लिया है। सीओ देवबंद ने भी गांव में डेरा डाल रखा है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है।