अनिल गोस्वामी को गृह सचिव पद से हटाए जाने के बाद उनके कारनामों का एक और खुलासा हुआ है। गोस्वामी ने शारदा मामले में आरोपी पूर्व केंद्रीय मंत्री मतंग सिंह की जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा बरकरार रखी थी, जबकि एनडीए सरकार को इसी भनक तक नहीं थी।
यूपीए सरकार के समय 2013 में अनिल गोस्वामी के गृह सचिव बनने के बाद से मतंग सिंह को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली थी। सूत्रों के अनुसार मतंग सिंह का नाम उन प्रमुख लोगों की सूची से भी गायब था जिनकी सुरक्षा की समीक्षा एनडीए के सत्ता में आने के बाद की गई थी।
सुरक्षा की समीक्षा बैठक के बाद यूपीए सरकार में मंत्री रहे बेनी प्रसाद वर्मा, जितिन प्रसाद, सचिन पायलट और आरपीएन सिंह समेत कई लोगों की सुरक्षा या तो घटा दी गई थी या फिर वापस ले ली गई थी। सूत्रों के अनुसार सिंह से संबंधों के कारण ही गोस्वामी पूर्व केंद्रीय मंत्री मतंग सिंह के निवास पर आयोजित एक जन्मदिन समारोह में भी शामिल हुए थे।