उत्तर प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में 72825 शिक्षक भर्ती में जारी हुए नियुक्ति पत्र में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा सामने आ रहा है।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि एससीईआरटी की चयन सूची में जारी मेरिट एवं यूपी बोर्ड की ओर से जारी टीईटी रिजल्ट की पहली सूची का मिलान करने पर अंकों का बड़ा अंतर सामने आया है। एससीईआरटी की चयन सूची जारी होने के बाद उप्र टीईटी संघर्ष मोर्चा की ओर से जब टीईटी के मूल रिजल्ट से मिलान किया गया तो गड़बड़ी का पता चला।
इन अभ्यर्थियों की मानें तो आजमगढ़ जिले के एक अभ्यर्थी को टीईटी में मात्र 37 अंक मिले थे, यह अभ्यर्थी फेल था। इस अभ्यर्थी ने टीईटी अंकपत्र में गड़बड़ी करके अपना नंबर 111 करवाकर सीतापुर में एससी कोटा में चयन पा लिया।
आगरा के एक अभ्यर्थी को टीईटी में 94 अंक मिले थे, संशोधन के बाद इसका नंबर 96 हो गया। इस अभ्यर्थी ने फर्जी अंकपत्र में 118 अंक करवाकर बलरामपुर में नियुक्ति पत्र हासिल कर लिया। इसी प्रकार आजमगढ़ में ही एक अभ्यर्थी ने मात्र 19 नंबर पाने के बाद भी इसे 119 करके सीतापुर में चयन पा लिया।