बरेली में बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में बड़ा बाईपास पर शुक्रवार सुबह घने कोहरे में स्विफ्ट डिजायर कार को दस टायरा ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में रामपुर के रेडीमेड गारमेंट व्यवसायी निखिल गुप्ता, उनकी बहन और भांजी शामिल हैं। उनके पास मिले मोबाइल और कागजों से उनकी शिनाख्त हो सकी।
रामपुर के मिस्टनगंज निवासी रेडीमेड गारमेंट व्यवसायी निखिल गुप्ता अपनी पत्नी कोमल की पहली विदा कराने सुबह छह बजे दोस्त की कार से कानपुर के लिए निकले थे। उनके साथ बड़ी बहन प्रीति पत्नी अभिषेक गुप्ता निवासी वैशाली गाजियाबाद, प्रीति की दो साल की बेटी आयुषी भी थीं। कार रामपुर के ही भूड़ का मजरा निवासी ड्राइवर नवाब चला रहा था। शुक्रवार सुबह करीब सवा सात बजे इनकी कार बड़ा बाईपास पर आलमपुर गांव की मजार के पास पहुंची ही थी कि घने कोहरे में सामने से आ रहे दस टायरा ट्रक ने कार को रौंद दिया।
सुनसान इलाके में हुए हादसे के शिकार कार सवारों की चीखें कार में ही दबकर रह गईं। ट्रक चालक भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर बिथरी चैनपुर थाने के एसआई वीरेंद्र सिंह राणा दुर्घटनास्थलपर पहुंचे। उन्होंने जीवित होने की उम्मीद में कार सवार लोगों को एक एंबुलेंस से निजी अस्पताल भिजवाया। यहां इन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की शिनाख्त होने पर पुलिस ने उनके परिवार वालों सूचना दी। दोपहर तक पहुंचे परिवार वाले पोस्टमार्टम के बाद शवों को साथ ले गए। निखिल के तहेरे भाई तापस ने बिथरी थाने में ट्रक नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है। ट्रक पुलिस के कब्जे में है।