पूर्व मध्य रेलवे के मुगलसराय मंडल अंतर्गत कुम्हऊ रेलवे स्टेशन के पास शनिवार की दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे रेल ट्रैक पर कार्य कर रहे सीनियर सेक्शन इंजीनियर समेत पांच लोगों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। रेल ट्रैक पर घना कोहरा होने के कारण ये लोग ट्रेन को नहीं देख पाए। सूचना मिलते ही मंडल रेल प्रबंधक समेत अन्य रेल अधिकारी मौके पर पहुंचे। मंडल रेल प्रबंधक ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
मुगलसराय रेलवे मंडल के कुम्हऊ रेलवे स्टेशन से कुछ ही दूरी पर गेट संख्या 46 सी के पास सीनियर सेक्शन इंजीनियर नाथू प्रसाद रेलवे के एक ठेकेदार के चार मजदूरों के साथ रेलवे ट्रैक पर मरम्मत का कार्य करा रहे थे। उस समय चारों ओर घना कोहरा छाया हुआ था।
इस दौरान अजमेर से सियालदह जा रही 12988 डाउन अजमेर सियालदह एक्सप्रेस के गुजरने का सिग्नल हो गया। घने कोहरे और कार्य में मशगूल रहने के कारण इन लोगों का ध्यान सिगनल पर नहीं गया। तेज गति से आ रही ट्रेन जब एकदम नजदीक आ गई तब इन लोगों का ध्यान उस पर गया।
ये सभी लोग बगल के डाउन ट्रैक की ओर भागे। तभी उस ट्रैक पर भी एक मालगाड़ी तेज गति से आ गई और पांचों लोगों की कटकर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही डीआरएम विद्याभूषण समेत मंडल के अन्य रेल अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
सीनियर डिवीजनल फाइनेंस मैनेजर और मंडल रेल प्रवक्ता कुमार अनिमेष ने बताया कि डीआरएम ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।